अनूपपुर: खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो, आर्मी जवान व सगे भाई समेत तीन की मौत

अनूपपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास सोमवार तड़के करीब 4 बजे एक भीषण सड़क हादसे में आर्मी जवान और उसके बड़े भाई समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक का रिफ्लेक्टर बंद होने के कारण तेज रफ्तार बोलेरो एमपी 65 सी 1835 पीछे से उसमें जा घुसी।
दोस्त की शादी के लिए छुट्टी लेकर आए थे
मृतकों की पहचान धनगवां निवासी आर्मी जवान विनीत विश्वकर्मा (26), उनके बड़े भाई दीनबंधु विश्वकर्मा (36) और बोलेरो मालिक मोहम्मद करीम (32) के रूप में हुई है। विनीत के पिता जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि विनीत छत्तीसगढ़ के रायपुर में अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहे थे। वह रात करीब 3 बजे ट्रेन से अनूपपुर स्टेशन उतरे थे, जहां से बड़ा भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी उन्हें बोलेरो से घर ले जा रहे थे।
वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसा इतना जबरदस्त था कि बोलेरो के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीनों मृतक वाहन में ही फंस गए।हादसे में गंभीर रूप से घायल धनगवां निवासी राजू तिवारी (30) को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है। मृतक दीनबंधु पंचायत में सेल्समैन थे, जबकि मूलतः बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी मोहम्मद करीम जैतहरी में टायर रिपेयरिंग की दुकान चलाते थे। सूचना पर सुबह 5:30 बजे परिजन अस्पताल पहुंचे।
सड़क किनारे खड़े ट्रक का रिफ्लेक्टर बंद था
अनूपपुर कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण कुमार साहू ने कहा कि हादसे के वक्त सड़क किनारे खड़े ट्रक का रिफ्लेक्टर बंद था, जिससे चालक को वाहन नजर नहीं आया और यह दुर्घटना हुई। तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है, मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




















