दुर्ग में गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ :वॉशिंग पाउडर की आड़ में चल रहा था कारोबार, 3 मशीनें जब्त; 12 लोग हिरासत में

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो फैक्ट्रियों पर छापेमारी की है। यहां वॉशिंग पाउडर बनाने की आड़ में कथित तौर पर जर्दायुक्त गुटखा तैयार किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान तीन मशीनें जब्त की गई हैं और 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
कुथरेल के दो गोदामों में चल रहा था कारोबार
यह मामला अंडा थाना क्षेत्र के ग्राम कुथरेल का है। पाटन एसडीओपी अनुप लकड़ा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने दो गोदामों में छापा मारा। जांच के दौरान अवैध रूप से गुटखा निर्माण किए जाने का खुलासा हुआ।
तीन मशीनें और बड़ी मात्रा में कच्चा माल जब्त
कार्रवाई के दौरान एक गोदाम से दो मशीनें और दूसरे गोदाम से एक मशीन बरामद की गई। इन मशीनों का इस्तेमाल गुटखा बनाने में किया जा रहा था। मौके से बड़ी मात्रा में कच्चा माल भी जब्त किया गया है।
'सितार' नाम से तैयार हो रहा था गुटखा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में 'सितार' नाम से गुटखा तैयार किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, जिस जमीन और गोदाम में यह गतिविधि संचालित हो रही थी, वह असलम खान की है। गोदाम को एग्रीमेंट के जरिए वीरेंद्र तिवारी को दिया गया था।
बाजार में सप्लाई किया जा रहा था माल
पुलिस को आशंका है कि यहां तैयार किया गया गुटखा बाजार में बिक्री के लिए भेजा जाता था। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में गुटखा निर्माण से जुड़ी मशीनें और अन्य सामग्री बरामद हुई हैं।
12 आरोपी हिरासत में, गोदाम सील
पुलिस ने अब तक 12 लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों गोदामों को सील कर दिया गया है। जब्त गुटखे और अन्य सामग्री के नमूने जांच के लिए खाद्य विभाग को भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार का किसी पुराने मामले या अन्य नेटवर्क से कोई संबंध तो नहीं है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।











