Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Chhattisgarh News :छत्तीसगढ़ में बाइक चैलेंज, सीएम साय के बाद अब पीसीसी चीफ दीपक बैज निकले दुपहिया पर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बाइक कहा-केशकाल घाट पर बाइक चलाकर दिखाएं 
छत्तीसगढ़ में बाइक चैलेंज, सीएम साय के बाद अब पीसीसी चीफ दीपक बैज निकले दुपहिया पर
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों बाइक चलाने के काम्पिटीशन का माहौल बन गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा बाइक की सवारी करने के कुछ दिन बाद ही अब रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अपनी बाइक निकाल ली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केशकाल घाट पर मोटर साइकिल की सवारी करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को चैलेंज दिया है कि वे एकबार केशकाल घाट की सड़क पर भी बाइक चलाने का साहस दिखाएं। इस तरह मुख्यमंत्री इस सड़क से गुजरने वालों का दर्द स्वयं महसूस कर सकेंगे। दरअसल जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे काफी बदहाल हो चुका है।

    राजधानी को बस्तर से जोड़ने वाली एकमात्र सड़क

    इस राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत केशकाल घाट में कुछ ज्यादा ही खराब है। पूरे मार्ग पर बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं और धूल उड़ती रहती है। सड़क की बदहाली के कारण यहां पर आएदिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। राजधानी को बस्तर संभाग से जोड़ने वाला यही की एकमात्र सड़क मार्ग है। सड़क की बदहाली से सभी परेशान हैं। एक दिन पहले ही केशकाल और आसपास के व्यापारियों ने दुकानें तथा बाजार बंद रख बड़ा प्रदर्शन किया था। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और बड़ी संख्या में कांग्रेस के लोग सड़क पर उतर आए। बैज ने बाइक से केशकाल घाट की खतरनाक सड़क पर सफर किया।

    सीएम-मंत्री हवाई सफर पर बस्तर आते हैं

    पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री और अन्य मंत्री हवाई सफर कर बस्तर आते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, मंत्रियों को बस्तर संभाग के लोगों की तकलीफ पता नहीं है। मुख्यमंत्री साय तो राजधानी की चमकदार सड़क पर बाइक चला कर फोटो सेशन करा लेते हैं। एकबार वे आसमान से उतर कर केशकाल घाट आएं और यहां बाइक चलाकर दिखाएं। यहां पांच माह से लोग सड़क की दुर्दशा का दंश लोग झेलते आ रहे हैं, साय सरकार को इसकी जरा भी चिंता नहीं है। लोगों के वाहन गड्ढों की वजह से दुर्घटना का शिकार बन रहे हैं। बैज ने कहा कि कई बार आंदोलन हुआ, चक्काजाम किया गया, लेकिन सरकार की नींद नहीं टूटी, सरकार जागे, सड़क को तुरंत सुधारे। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts