बीजापुर के जंगलों से मिला नक्सल नेटवर्क का सीक्रेट डंप :65 लाख कैश, हथियार और विस्फोटक जब्त; पुलिस ने उड़ाए होश

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगलों में छिपाए गए डंप से भारी मात्रा में नकदी, हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। यह ऑपरेशन बीजापुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमों ने चलाया।
65 लाख नकद और घातक हथियार जब्त
सुरक्षाबलों ने अलग-अलग ठिकानों से 65.52 लाख रुपए नकद, 32 हथियार और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक अब तक की कार्रवाइयों में कुल 7.2852 करोड़ रुपए नकद और 8.20 किलो सोना समेत करीब 20.0852 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
कौन-कौन से हथियार मिले?
- 1 एलएमजी
- 4 एसएलआर
- 1 कार्बाइन
- 5 .303 रायफल
- 1 .315 रायफल
- 5 सिंगल शॉट बंदूक
- 4 बारह बोर बंदूक
- 7 बीजीएल लॉन्चर
- 1 पिस्टल
इसके अलावा बड़ी संख्या में कारतूस और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं।
140 किलो विस्फोटक मौके पर नष्ट
पामेड़ थाना क्षेत्र के कवरगुट्टा जंगल और नेशनल पार्क इलाके से 140 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और यूरिया बरामद किया गया। सुरक्षा कारणों से विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। सुरक्षाबलों को आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामान भी मिले हैं।
ये भी पढ़ें: Naxal Surrender : छत्तीसगढ़ में 108 नक्सलियों का सरेंडर, 3.95 करोड़ के इनामी माओवादियों ने डाले हथियार
नक्सलियों की सप्लाई चेन को बड़ा झटका
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से नक्सलियों की हथियार सप्लाई और आईईडी बनाने की क्षमता को बड़ा नुकसान पहुंचा है। आंकड़ों के मुताबिक, साल 2024 से अब तक 517 हथियार और 1092 आईईडी बरामद किए जा चुके हैं। वहीं 2025-26 में अब तक 461 हथियार जब्त किए गए हैं।
1000 से ज्यादा माओवादियों ने किया सरेंडर
पुलिस के अनुसार, साल 2024 से अब तक 234 नक्सली मारे गए हैं। इसके अलावा 1192 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 1003 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।











