Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सतना में पुलिस कांस्टेबल ने साथियों के साथ युवक को किया अगवा, 50 हजार की फिरौती मांगी

सतना के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एसपी के स्पेशल दस्ते 'सुपर-30' में तैनात एक आरक्षक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर देर रात घर लौट रहे एक युवक पर चाकू से हमला किया और उसे अगवा कर लिया।
सतना में पुलिस कांस्टेबल ने साथियों के साथ युवक को किया अगवा, 50 हजार की फिरौती मांगी
सतना में पुलिस कांस्टेबल ने साथियों के साथ युवक को किया अगवा

सतना। आरोपियों ने युवक को बंधक बनाकर परिजनों से 50 हजार रुपए की फिरौती मांगी। हालांकि, परिजनों ने साहस दिखाते हुए मौके पर घेराबंदी कर आरोपी आरक्षक को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए। पुलिस ने बाद में दो और आरोपियों को पकड़ लिया है, जबकि एक की तलाश जारी है।

देर रात घर लौट रहे युवक को रास्ते में रोका

जानकारी के अनुसार, टिकुरिया माधवगढ़ निवासी ऋषभ सिंह (38) एक टोयोटा एजेंसी में सुपरवाइजर हैं। उनके पिता नरेंद्र बहादुर सिंह पेशे से अधिवक्ता हैं। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे ऋषभ एजेंसी में बालू का ट्रक खाली कराने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे, तभी डी पॉल स्कूल, माधवगढ़ के पास आरोपियों ने उन्हें रोक लिया।

ये भी पढ़ें: अनूपपुर में भीषण सड़क हादसा: सड़क किनारे खड़े कैप्सूल वाहन में पीछे से घुसा ट्रक, दो लोगों की मौत

पैर में चाकू मारकर किया अगवा

आरोपियों ने ऋषभ के पैर में चाकू मारकर उन्हें घायल कर दिया और इसके बाद बाइक पर बैठाकर सतरी स्थित एक बगीचे में ले गए। वहां युवक को बंधक बनाकर परिजनों को फोन किया और 50 हजार रुपए की फिरौती मांगी।

परिजनों ने घेराबंदी कर आरक्षक को पकड़ा

फिरौती का फोन आते ही परिजन सक्रिय हुए और बताई गई लोकेशन पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। परिजनों ने मौके से एक आरोपी को धर दबोचा, जिसकी पहचान पुलिस आरक्षक विवेक सिंह के रूप में हुई। वह एसपी के विशेष दस्ते सुपर-30 में पदस्थ है।

आरोपी के पास से चाकू, पुलिस आई-कार्ड और बाइक बरामद

आरक्षक विवेक सिंह के पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू, पुलिस आई-कार्ड और बाइक बरामद की गई है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने घायल ऋषभ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

अस्पताल पहुंचे एडिशनल एसपी, आरक्षक से पूछताछ

घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे जिला अस्पताल पहुंचे घायल ऋषभ और उनके परिजनों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने रामपुर बाघेलान थाने पहुंचकर हिरासत में लिए गए आरक्षक से पूछताछ शुरू की।

Breaking News

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

पीड़ित के पिता ने स्पष्ट किया है कि उनका बेटा आरोपियों को पहले से नहीं जानता था और लूट व वसूली के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया गया है। वहीं, थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि घटना में शामिल पुलिसकर्मी विवेक सिंह सहित तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। अपहरण के पीछे की पूरी मंशा जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts