Chhatarpur Bulldozer Action : कांग्रेस पूछ रही सवाल- 'हाजी का घर क्यों तोड़ा', DGP से मिले नेता, प्रियंका ने भी X पर लिखा कुछ-कुछ...पढ़िए ये बवाल क्या है?

Follow on Google News
Chhatarpur Bulldozer Action : कांग्रेस पूछ रही सवाल- 'हाजी का घर क्यों तोड़ा', DGP से मिले नेता, प्रियंका ने भी X पर लिखा कुछ-कुछ...पढ़िए ये बवाल क्या है?
भोपाल। मध्य प्रदेश में छतरपुर बुलडोजर एक्शन मामले को सियासत तेज हो गई पक्ष-विपक्ष में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी बीच प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने शनिवार को पुलिस पर लगातार नियमों का उल्लंघन कर कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। वहीं छतरपुर, भिंड और उज्जैन की घटनाएं को लेकर मध्य प्रदेश डीजीपी कार्यालय पहुंचकर चर्चा की। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे समेत अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

न्याय प्रक्रिया को नजरअंदाज किया : पटवारी

इस मुलाकात के बाद जीतू पटवारी ने कहा कि संविधान की स्थापित न्याय प्रक्रिया के साथ देश में सबसे ज्यादा दुर्व्यवहार मध्यप्रदेश में हो रहा है। इस न्याय प्रक्रिया को नजरअंदाज कर यहां बुलडोजर प्रवृत्ति आ गई है। इसका संदेश ये है कि यहां संविधान की परंपराओं को नहीं माना जा रहा है। अपराधियों के साथ नियमसम्मत तरीके से काम करना चाहिए, पर यहां दहशत बनाकर भाजपा के स्वार्थ को सिद्ध करने का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि छतरपुर की घटना कोई राजनीतिक घटना नहीं है। किसी का भी मकान गिराने की प्रक्रिया मानवाधिकारों का उल्लंघन है। छतरपुर, भिंड, मुरैना और उज्जैन में घर तोड़कर प्रशासन ने बीजेपी के एजेंडे के तहत काम किया है। देखें वीडियो...

घटनाओं में कांग्रेस लगाएगी याचिकाएं

कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि मध्यप्रदेश में न्याय की प्रक्रिया को दरकिनार करने वाली घटनाओं में कांग्रेस याचिकाएं लगाएगी। शांति की बात करके दशहत फैलाना एक अच्छी सरकार की परंपरा नहीं है। जो व्यक्ति अपराध करता है, उस पर उचित कार्यवाही होना चाहिए लेकिन सर्विस बुक का उल्लंघन करके अनुचित कार्यवाही की भावना न्याय संगत नहीं है। नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने कहा कि पुलिस प्रशासन का कार्य प्रदेश में कानून व्यवस्था का पालन कराना और शांति व्यवस्था बनाए रखना है ताकि जनता का विश्वास कानून और पुलिस प्रशासन पर बना रहे। उन्होंने कहा कि छतरपुर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए एवं दोषियों के विरुद्ध उचित कार्यवाही कराई जाए।

बुल्डोजर न्याय पूरी तरह अस्वीकार्य है : प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को छतरपुर की घटना को लेकर ‘एक्स' पर पोस्ट किया, 'अगर कोई किसी अपराध का आरोपी है तो उसका अपराध और उसकी सजा सिर्फ अदालत तय कर सकती है। लेकिन आरोप लगते ही आरोपी के परिवार को सजा देना, उनके सिर से छत छीन लेना, कानून का पालन न करना, अदालत की अवहेलना करना, आरोप लगते ही आरोपी का घर ढहा देना- यह न्याय नहीं है।" उन्होंने आगे कहा कि ''यह बर्बरता और अन्याय की पराकाष्ठा है। कानून बनाने वाले, कानून के रखवाले और कानून तोड़ने वाले में फर्क होना चाहिए। सरकारें अपराधी की तरह व्यवहार नहीं कर सकतीं। कानून, संविधान, लोकतंत्र और मानवता का पालन सभ्य समाज में शासन की न्यूनतम शर्त है। जो राजधर्म नहीं निभा सकता, वह न तो समाज का कल्याण कर सकता है, न ही देश का। बुल्डोजर न्याय पूरी तरह अस्वीकार्य है, यह बंद होना चाहिए।''

क्या है पूरा मामला

  • मामला महाराष्ट्र में नासिक के महंत रामगिरि महाराज के पैगंबर मोहम्मद पर कथित तौर पर की गई विवादित टिप्पणी से जुड़ा है।
  • जिसके विरोध में बुधवार शाम (21 अगस्त) को छतरपुर में मुस्लिम समाज ने कोतवाली थाने का घेराव किया। लोगों ने पहले नारेबाजी की और फिर विरोध के दौरान हंगामा बढ़ गया।
  • इस दौरान कुछ लोगों ने थाने में पथराव कर दिया। जिसकी वजह से कोतवाली टीआई और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। थाने के सीसीटीवी एवं अन्य फोटो वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
  • घटना के बारे में जानकारी मिलते ही CM मोहन ने भी सख्त कार्रवाई की बात कही। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि, मध्य प्रदेश शांति का प्रदेश है, कोई भी सुनियोजित तरीके से कानून को हाथ में ले यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
  • इसके बाद गुरुवार (22 अगस्त) को भारी पुलिस फोर्स और राजस्व अमले की मौजूदगी में कांग्रेस नेता और पूर्व सदर हाजी शहजाद अली के नए मोहल्ला स्थित मकान को तोड़ा गया।
  • साथ ही वहां खड़ी गाड़ियों को भी चकनाचूर कर दिया। तीन महंगी लग्जरी गाड़ियों को बुलडोजर और पोकलेन मशीन से रौंद दिया गया।
  • मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाजी की कोठी 20 हजार वर्ग फीट में बनी थी। जिसकी कीमत करीब 20 करोड़ है। अब इस एक्शन को लेकर कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है।
ये भी पढ़ें- छतरपुर बुलडोजर एक्शन : क्या अब झारखंड में टूटेंगे भाजपाइयों के घर? दिग्विजय सिंह ने ऐसा क्यों बोला
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts