मिडटर्म हार के बाद ट्रंप कर सकते हैं पीट हेगसेथ को रक्षा सचिव पद से हटाने पर विचार, वेंस ने कहा- ईरान युद्ध बना हार की वजह

वॉशिंगटन। मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को मिली भारी हार के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस बात पर विचार कर रहे हैं कि पीट हेगसेथ को रक्षा सचिव के पद पर बनाए रखा जाए या नहीं। सीबीएस न्यूज ने मामले से जुड़े कई सूत्रों के हवाले से बताया है कि प्रशासन के भीतर हो रही चर्चाओं में ईरान युद्ध को भी एक संभावित कारण माना जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि ट्रंप ने अपने सलाहकारों के साथ और फोन पर हुई बातचीत में यह सवाल उठाया है, हालांकि उन्होंने अभी तक हेगसेथ को हटाने या न हटाने को लेकर कोई फैसला नहीं लिया है।
यह भी पढ़ें: ट्रंप की डेमोक्रेट्स को चेतावनी, महाभियोग शुरू किया तो बर्बाद हो जाएगी आपकी पार्टी, बोले - मुझे कोई चिंता नहीं
कुछ वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की जांच संभव
यह चर्चा ऐसे समय में हो रही है जब प्रशासन को ईरान में अमेरिकी युद्ध के राजनीतिक असर को लेकर सवालों का सामना करना पड़ रहा है। व्हाइट हाउस के कुछ सहयोगियों का मानना है कि चुनाव नतीजों को लेकर वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की भी जांच-पड़ताल हो सकती है। सीबीएस न्यूज के सूत्रों के अनुसार, अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर और जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन उन लोगों में शामिल हैं। उन्हें ईरान युद्ध के संबंध में सलाह देने की अपनी भूमिका के कारण आलोचना का सामना करना पड़ सकता है। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस संघर्ष को सीधे तौर पर रिपब्लिकन पार्टी की हार से जोड़ा है। X पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा - हमारी हार का कारण यह युद्ध है।
कौन होगा हेगसेथ की जगह, इसपर चर्चा शुरू
हेगसेथ के पेंटागन छोड़ने की संभावना को देखते हुए, उनकी जगह किसे लाया जा सकता है, इस पर भी चर्चा शुरू हो गई है। एक अन्य सूत्र ने एक समाचार संगठन को बताया कि फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस को इस पद के लिए एक संभावित उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है। सूत्र ने बताया कि 5 जनवरी को गवर्नर के रूप में अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद डेसेंटिस 'लेम-डक' अवधि (कार्यकाल खत्म होने से पहले का समय) के दौरान सीनेट से अपनी नियुक्ति की पुष्टि हासिल कर सकते हैं। हालांकि, ट्रंप ने हेगसेथ को हटाए जाने की संभावना को सार्वजनिक रूप से खारिज कर दिया। राष्ट्रपति ने कहा था नहीं, मुझे लगता है कि वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। उनसे यह भी पूछा गया कि क्या हेगसेथ को उस सीनेट सीट पर नियुक्त किया जा सकता है, ट्रंप ने जवाब दिया- मुझे वास्तव में लगता है कि अगर वह ऐसा करते हैं, तो वह बहुत लोकप्रिय होंगे। लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी कहा- मैंने ऐसा कुछ भी नहीं सुना है। व्हाइट हाउस ने भी इन सुझावों को खारिज कर दिया है कि हेगसेथ का पद खतरे में है। प्रवक्ता अन्ना केली ने एक बयान में कहा कि ट्रंप को सचिव हेगसेथ पर पूरा भरोसा है।
सैन्य अभियानों का भी बचाव किया व्हाइट हाउस ने
केली ने ईरान और वेनेजुएला में प्रशासन के सैन्य अभियानों का बचाव किया। गौरतलब है कि मिडटर्म चुनावों से पहले ही डेमोक्रेट्स की ओर से हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग चलाने की मांग उठने लगी थी। क्योंकि कांग्रेस के दोनों सदनों में डेमोक्रेट्स के पास मजबूत बहुमत होने की उम्मीद है, इसलिए महाभियोग की कोशिशें तेज होने की संभावना बढ़ सकती है।




















