ताला तोड़ा, सोना लूटा..लेकिन CCTV ने खोल दिया पूरा खेल! 4.5 लाख के जेवर के साथ 2 गिरफ्तार

इंदौर। सूने मकानों की रेकी कर ताले तोड़ने वाले दो शातिर बदमाश आखिरकार लसूड़िया पुलिस के शिकंजे में आ गए। बदमाशों ने महालक्ष्मी नगर में दो सूने फ्लैटों को निशाना बनाकर सोने के जेवर और नकदी पर हाथ साफ किया था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों की पहचान की और उनके घर तक पहुंच गई। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 32 ग्राम सोने के आभूषण, कीमत करीब 4.5 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदातों को अंजाम देने के पीछे महंगे शौक और लग्जरी लाइफ जीने की चाह बताई है। दोनों के खिलाफ इंदौर के अलग-अलग थानों में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें: बच्चों की चीख सुन दौड़ी महिला पुलिसकर्मी, झाड़ियों में अचेत मिला 6 साल का मासूम; करंट से बचाया
एक ही हुलिया... दो वारदातें और पुलिस को मिला सुराग
मामले की शुरुआत 12 अगस्त से हुई। महालक्ष्मी नगर निवासी अंजली पिता गिरिराज पटवारी के फ्लैट का ताला तोड़कर बदमाश पुरानी इस्तेमाल की सोने की चैन, पेंडल, सोने की अंगूठी, कपड़े और नकदी चोरी कर ले गए। शिकायत पर लसूड़िया थाने में अपराध क्रमांक 1278/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसके कुछ दिन बाद 20 अगस्त को इसी इलाके में साक्षी पिता अरविंद कुमार तोमर के सूने घर को निशाना बनाया गया। बदमाश ताला तोड़कर पुराने सोने के आभूषण और नकदी ले उड़े। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 1331/2026 दर्ज किया। दोनों वारदातों में समानता मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया।
ये भी पढ़ें: इंदौर के वार्ड 58-60 का उपचुनाव स्थगित:चुनावी मैदान तैयार था,वोटर लिस्ट ने बिगाड़ा खेल!
कैमरों की ‘नजर’ से नहीं बच सके बदमाश
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। फुटेज में दोनों वारदातों के आसपास एक जैसे हुलिए के दो संदिग्ध आते-जाते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने फुटेज की कड़ियों को जोड़ते हुए संदिग्धों का पीछा शुरू किया। टीम एक-एक कैमरे की फुटेज चेक करते हुए आखिरकार संदिग्धों के घर के आसपास तक पहुंच गई। फुटेज स्थानीय लोगों को दिखाने पर एक संदिग्ध की पहचान साहिल पिता अश्विन सिंह बिष्ट, उम्र 22 वर्ष, निवासी चर्च कंपाउंड, पीएससी कार्यालय के सामने, जिला जेल के पास, इंदौर के रूप में हुई।
ये भी पढ़ें: रिटायर्ड RBI अफसर से 16 बार में 59 हजार की ठगी-फेसबुक पर मिला ‘नोट बदलो, लाखों कमाओ’ ऑफर
हिरासत में आते ही खुल गया पूरा खेल
पुलिस ने साहिल को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की तो उसने दोनों वारदातों में शामिल होना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी अनुराग उर्फ भय्यू पिता अवधेश दुबे, उम्र 25 वर्ष, निवासी पुष्प रतन कॉलोनी, देवगुराड़िया, इंदौर के साथ मिलकर चोरी करना बताया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दोनों वारदातों में चोरी किए गए करीब 32 ग्राम सोने के आभूषण, कीमत लगभग 4.5 लाख रुपए बरामद किए गए हैं।
ये भी पढ़ें: अरुणाचल में फिर हिली धरती! बिचोम में 2.9 तीव्रता का भूकंप, फिलहाल कोई नुकसान नहीं
लग्जरी लाइफ का जुनून, चोरी को बनाया कमाई का रास्ता
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि महंगे शौक पूरे करने और लग्जरी लाइफ जीने के लिए उन्होंने चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। सूने घर देखकर ताले तोड़ना और जेवर-नकदी लेकर फरार होना उनका तरीका था। पुलिस अब दोनों से अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ कर रही है। आशंका है कि पूछताछ में शहर में हुई कुछ और चोरी की घटनाओं के राज खुल सकते हैं।
ये भी पढ़ें: सत्य निकेतन हादसे के बाद दहशत में छात्र! PG छोड़ कॉलेज पहुंचे 72 विद्यार्थी, अब सिस्टम पर सवाल...
साहिल पर 15, अनुराग पर 4 मामले पहले से
पुलिस के अनुसार साहिल बिष्ट के खिलाफ इंदौर के अलग-अलग थानों में चोरी, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट समेत 15 अपराध पहले से दर्ज हैं। वहीं अनुराग दुबे के खिलाफ चोरी, चेन स्नैचिंग और मारपीट के चार अपराध पंजीबद्ध हैं।




















