CBSE : 12वीं की कॉपियों के री-वैल्यूएशन के लिए पोर्टल 1 जून से होगा शुरू

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के री-वैल्यूएशन को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के लिए री-वैल्यूएशन और वेरिफिकेशन का ऑनलाइन पोर्टल अब 1 जून 2026 से शुरू किया जाएगा। इससे पहले बोर्ड ने 29 मई से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी थी, लेकिन अब तारीख में बदलाव कर दिया गया है। इस फैसले के बाद लाखों छात्र पोर्टल खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
4 लाख से ज्यादा छात्रों ने मंगवाई कॉपियों की स्कैन कॉपी
CBSE के मुताबिक इस बार बड़ी संख्या में छात्रों ने अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए आवेदन किया है। बोर्ड को कुल 4,04,319 आवेदन मिले थे, जिनके जरिए 11,31,961 आंसर शीट की कॉपियां मांगी गईं। इनमें से 8,98,214 डिजिटल कॉपियां छात्रों को उपलब्ध भी कराई जा चुकी हैं। माना जा रहा है कि अब बड़ी संख्या में छात्र अपने अंकों के री-वैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
पारदर्शी प्रक्रिया का दावा
CBSE ने कहा है कि पोस्ट रिजल्ट एक्टिविटी को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए यह प्रक्रिया लागू की गई है। बोर्ड का कहना है कि री-वैल्यूएशन और वेरिफिकेशन के दौरान सभी निर्धारित प्रोटोकॉल और मूल्यांकन मानकों का पालन किया जाएगा। छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए हेल्पलाइन और ईमेल सपोर्ट भी जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें: NEET Paper Leak : NTA का सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा, अगली बार से NEET में कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट लागू करने का है विकल्प
शिकायत और सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी
यदि किसी छात्र को आवेदन प्रक्रिया या परिणाम से जुड़ी कोई समस्या आती है तो वह सीबीएसई की टेली-काउंसलिंग हेल्पलाइन 1800 11 8004 पर संपर्क कर सकता है। इसके अलावा छात्र resultcbse2026@cbseshiksha.in ईमेल आईडी पर भी अपनी शिकायत या सवाल भेज सकते हैं।
ऐसे करें री-वैल्यूएशन के लिए एप्लाई
री-वैल्यूएशन के लिए छात्रों को सबसे पहले सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां Post Result Services” या Verification and Re-evaluation सेक्शन में जाकर लॉगिन करना होगा। लॉगिन के लिए रोल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी की जरूरत पड़ेगी।
ये भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा मौत मामला: सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ को 5 दिन की CBI रिमांड, आमने-सामने बैठाकर होगी पूछताछ
छात्रों में बढ़ी उम्मीद
री-वैल्यूएशन प्रक्रिया शुरू होने की खबर के बाद उन छात्रों में उम्मीद बढ़ गई है जो अपने प्राप्त अंकों से संतुष्ट नहीं हैं। कई छात्रों को उम्मीद है कि दोबारा जांच में उनके अंक बढ़ सकते हैं और इससे उनके कॉलेज एडमिशन या करियर पर सकारात्मक असर पड़ेगा।












