CBI ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर पर मारा छापा, रायपुर और भिलाई के तीन ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और पाटन के विधायक भूपेश बघेल के रायपुर और भिलाई स्थित घरों पर CBI ने आज सुबह छापा मारा। यह छापेमारी रायपुर और भिलाई के तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ की गई। CBI की टीमें अचानक पहुंचीं और घर में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई महादेव बैटिंग ऐप मामले से जुड़ी हो सकती है। इससे पहले, प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी बघेल के घर पर छापा मार चुकी है। उस समय कार्रवाई कथित शराब घोटाले के मामले में हुई थी।
CBI की चार टीमें एक साथ निकलीं
जानकारी के अनुसार, CBI की चार टीमें आज सुबह रायपुर से निकलीं। एक टीम रायपुर में भूपेश बघेल के घर पहुंची। तीन टीमें भिलाई में विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी करने गईं। भिलाई के पदुम नगर, सेक्टर 5 और सेक्टर 9 में भी छापे मारे गए। CBI की टीमों ने इन ठिकानों पर पहुंचते ही सुरक्षा घेरा बना लिया और किसी को भी घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी। घरों में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।CBI की छापेमारी की वजह अब तक साफ नहीं
CBI की इस कार्रवाई का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। हालांकि, महादेव बैटिंग ऐप मामले से इसके जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है। CBI अधिकारी पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। उन्होंने घरों में प्रवेश करते ही सभी सदस्यों को अंदर ही रोक दिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया।भूपेश बघेल ने पोस्ट कर दी प्रतिक्रिया
CBI की इस कार्रवाई पर भूपेश बघेल ने X पर लिखा, "अब CBI आई है। आगामी 8 और 9 अप्रैल को अहमदाबाद (गुजरात) में होने वाली AICC की बैठक के लिए गठित 'ड्राफ्टिंग कमेटी' की मीटिंग के लिए आज मेरा दिल्ली जाने का कार्यक्रम था। उससे पहले ही CBI रायपुर और भिलाई स्थित मेरे निवास पर पहुंच गई है।"





















