79वें Cannes Film Festival का आगाज आज!ऐश्वर्या-आलिया समेत ये सितारे रेड कार्पेट पर बिखेरेंगे जलवा, जानिए पूरी डिटेल

दुनिया के सबसे बड़े और चर्चित फिल्म समारोहों में शामिल Cannes Film Festival एक बार फिर ग्लैमर, फैशन और बेहतरीन फिल्मों का रंग जमाने जा रहा है। मेट गाला के बाद अब फिल्म प्रेमियों की नजरें कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 पर टिक गई हैं। इस साल फेस्टिवल का आयोजन 12 मई से 23 मई 2026 तक फ्रांस के खूबसूरत शहर कान्स में किया जाएगा।
हर साल की तरह इस बार भी दुनियाभर के बड़े फिल्ममेकर, कलाकार और फैशन आइकॉन इस मंच पर नजर आएंगे। रेड कार्पेट पर सितारों का अंदाज और फिल्मों का प्रीमियर हमेशा की तरह आकर्षण का केंद्र रहेगा। भारतीय दर्शकों के लिए भी इस बार का फेस्टिवल काफी खास माना जा रहा है, क्योंकि भारतीय सिनेमा की मजबूत मौजूदगी यहां देखने को मिलेगी।
फ्रांस में होगा भव्य आयोजन
79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल का आयोजन फ्रांस के मशहूर पैलेस डेस फेस्टिवल्स एट डेस कांग्रेस में किया जाएगा। यह जगह हर साल विश्व सिनेमा के सबसे बड़े सितारों की मेजबानी करती है। यहां दिखाई जाने वाली फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलती है और कई फिल्मों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलती है।
यह भी पढ़ें: Cannes 2026: 12 मई से सजेगा सिनेमा का सबसे बड़ा मंच, भारत के लिए इस बार क्या खास?
कब होगी ओपनिंग और क्लोजिंग सेरेमनी?
भारतीय समय के अनुसार फेस्टिवल की ओपनिंग सेरेमनी 12 मई की शाम से देर रात के बीच शुरू होगी। वहीं इसका समापन समारोह 23 मई को आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म पुरस्कारों में शामिल पाल्मे डी'ओर अवॉर्ड भी दिए जाएंगे। इस दौरान दुनियाभर की बेहतरीन फिल्मों को सम्मानित किया जाएगा।
कहां और कैसे देख सकते हैं लाइव स्ट्रीमिंग?
अगर आप घर बैठे कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 का मजा लेना चाहते हैं, तो इसके लिए पीपुल्स अपडेट सहित कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म देख सकते है। फेस्टिवल की लाइव स्ट्रीमिंग कान्स फिल्म फेस्टिवल के आधिकारिक यूट्यूब चैनल, इंस्टाग्राम और वेबसाइट पर देखी जा सकेगी। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर और खास कवरेज के प्लेटफार्म पर भी उपलब्ध रहेगा। रेड कार्पेट एंट्री, ओपनिंग सेरेमनी, क्लोजिंग इवेंट और सितारों के खास लुक्स की हर अपडेट सोशल मीडिया पर लगातार शेयर की जाएगी।
इस बार भारत की मजबूत मौजूदगी
कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 भारतीय सिनेमा के लिए काफी खास माना जा रहा है। इस बार सिर्फ हिंदी ही नहीं, बल्कि पंजाबी, मलयालम, गुजराती और कन्नड़ फिल्मों की भी स्क्रीनिंग होने वाली है। पंजाबी स्टार अम्मी विर्क की फिल्म ‘चढ़दी कला’ कान्स में दिखाई जाएगी। वहीं मलयालम फिल्म ‘बालन: द बॉय’ और शॉर्ट फिल्म ‘शैडो ऑफ द मून लेसन नाइट’ का भी प्रीमियर होगा।
इसके अलावा जॉन अब्राहम की कल्ट क्लासिक फिल्म ‘अम्मा अरियान’, श्रीमयी चक्रवर्ती की डॉक्यूमेंट्री ‘स्पिरिट ऑफ द वाइल्डफ्लावर’, कैरेन क्षिति सुवर्णा की कन्नड़ फिल्म ‘21 सितंबर’ और गुजराती फिल्म ‘लालो कृष्णा सदा सहायते’ भी फेस्टिवल में दिखाई जाएंगी।
यह भी पढ़ें: Cannes 2025 : ऐश्वर्या राय की मांग में सजा सिंदूर बना चर्चा का विषय, बनारसी साड़ी ने लूटी महफिल
पहली बार कान्स में नजर आएंगी कल्याणी प्रियदर्शन
इस बार साउथ फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री कल्याणी प्रियदर्शन भी कान्स में डेब्यू करने जा रही हैं। कल्याणी मशहूर फिल्ममेकर की प्रियदर्शन बेटी हैं और उन्होंने अपनी फिल्मों से काफी कम समय में खास पहचान बनाई है। साल 2025 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘लोका’ ने उन्हें खूब सुर्खियां दिलाई थीं। अब कान्स के रेड कार्पेट पर उनका पहला कदम देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं।
रेड कार्पेट पर दिखेगा भारतीय सितारों का जलवा
हर साल की तरह इस बार भी भारतीय सेलेब्स अपने ग्लैमरस लुक्स से कान्स के रेड कार्पेट पर छा सकते हैं। ऐश्वर्या राय बच्चन एक बार फिर कान्स में अपना जलवा बिखेरती नजर आएंगी। ऐश्वर्या पिछले कई सालों से अपने शानदार लुक्स की वजह से चर्चा में रहती हैं। वहीं आलिया भट्ट भी कान्स के लिए रवाना हो चुकी हैं। फैंस को उनके रेड कार्पेट लुक का बेसब्री से इंतजार है।
इस साल तारा सुतारिया भी कान्स में डेब्यू करेंगी। इसके अलावा करण जौहर, मौनी रॉय और पूजा बत्रा भी इस इंटरनेशनल फिल्म समारोह का हिस्सा बन सकते हैं।
फेस्टिवल की अध्यक्षता करेंगे पार्क चान वूक
इस बार कान्स फिल्म फेस्टिवल की अध्यक्षता मशहूर साउथ कोरियाई फिल्म निर्देशक पार्क चान वूक करेंगे। वे अपनी अलग सिनेमैटिक स्टाइल और दमदार फिल्मों के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं। उनकी मौजूदगी इस बार के फेस्टिवल को और भी खास बना रही है।
यह भी पढ़ें: Cannes 2022: यूक्रेनी महिला ने टॉपलेस होकर बयां किया दर्द, रेड कार्पेट पर कपड़े उतारकर चिल्लाई- Stop...
क्यों खास है कान्स फिल्म फेस्टिवल?
कान्स फिल्म फेस्टिवल सिर्फ फिल्मों का मंच नहीं है, बल्कि यह सिनेमा, फैशन और संस्कृति का सबसे बड़ा उत्सव माना जाता है। यहां दुनिया की बेहतरीन फिल्मों को सम्मान मिलता है और कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलती है।
यही वजह है कि हर साल करोड़ों लोग इस इवेंट का इंतजार करते हैं। इस बार भी 12 मई से शुरू होने वाला यह फिल्म महोत्सव दुनियाभर के दर्शकों के लिए मनोरंजन, ग्लैमर और शानदार सिनेमा का बड़ा उत्सव बनने जा रहा है।












