'पंचायत 5' का ट्रेलर रिलीज, फुलेरा में बदली सत्ता की तस्वीर; सचिव जी और रिंकी की प्रेम कहानी में आएगा नया मोड़

ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो की लोकप्रिय कॉमेडी-ड्रामा सीरीज 'पंचायत' एक बार फिर दर्शकों को हंसाने और फुलेरा गांव की जिंदगी से रूबरू कराने के लिए तैयार है। मेकर्स ने 'पंचायत 5' का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया है। इस बार कहानी में गांव की राजनीति पूरी तरह बदली नजर आ रही है। प्रधानजी की कुर्सी जा चुकी है और सत्ता के नए समीकरणों के बीच पुराने किरदार नई परेशानियों से जूझते दिखाई दे रहे हैं। वहीं सचिव जी और रिंकी की प्रेम कहानी में भी नया मोड़ आने वाला है। ट्रेलर में गांव की राजनीति, रिश्तों की उलझन और किरदारों के बीच मजेदार नोकझोंक देखने को मिल रही है। खास बात यह है कि सत्ता बदलने के बावजूद फुलेरा की समस्याएं पहले जैसी ही हैं। ऐसे में नए प्रधान के सामने अपनी जिम्मेदारी साबित करने की चुनौती है।
फुलेरा में बदली सत्ता, प्रधानजी के सामने नई चुनौती
'पंचायत 5' के ट्रेलर की शुरुआत फुलेरा की बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों से होती है। रघुबीर यादव का किरदार प्रधानजी अब पहले की तरह सत्ता में नहीं है। प्रधान की कुर्सी बदलने के बाद गांव में नए समीकरण बन रहे हैं। सत्ता से दूर होने के बाद प्रधानजी को नई परिस्थितियों के साथ तालमेल बैठाना पड़ रहा है। दूसरी ओर, नए प्रधानपति के सामने गांव की जिम्मेदारियां संभालने और अपनी स्थिति मजबूत करने की चुनौती है। इन्हीं परिस्थितियों के बीच गांव के लोगों की आपसी खींचतान और छोटे-छोटे मुद्दों पर होने वाली बहसें कहानी में हास्य पैदा करती नजर आ रही हैं।
सचिव जी की जिंदगी में बढ़ीं मुश्किलें
सीरीज में जितेंद्र कुमार एक बार फिर सचिव जी के किरदार में दिखाई देंगे। हालांकि इस बार उनकी परेशानियां सिर्फ पंचायत कार्यालय तक सीमित नहीं रहने वाली हैं। ट्रेलर के मुताबिक सचिव जी अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं, दोस्ती और गांव की बदलती राजनीति के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। एक ओर उन्हें अपने भविष्य को लेकर फैसले लेने हैं, तो दूसरी ओर फुलेरा के लोगों और पंचायत से जुड़ी जिम्मेदारियां भी उनके सामने हैं। ऐसे में सचिव जी के लिए इस बार हालात और उलझते दिखाई दे रहे हैं।
सचिव जी और रिंकी की प्रेम कहानी में आएगा नया मोड़
'पंचायत' के पिछले सीजन में सचिव जी और रिंकी के बीच बढ़ती नजदीकियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा था। अब पांचवें सीजन में दोनों की प्रेम कहानी एक नए मोड़ पर पहुंचती नजर आ रही है। ट्रेलर में उनके रिश्ते से जुड़ी ऐसी परिस्थितियों की झलक दिखाई गई है, जो कहानी को आगे बढ़ा सकती हैं। हालांकि मेकर्स ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि दोनों का रिश्ता किस दिशा में आगे बढ़ेगा। ऐसे में दर्शकों के लिए यह जानना दिलचस्प होगा कि सचिव जी और रिंकी की प्रेम कहानी अपने मुकाम तक पहुंचती है या उनके सामने नई मुश्किलें खड़ी होती हैं।
पुराने किरदारों की वापसी, फिर दिखेगी मजेदार नोकझोंक
'पंचायत 5' में दर्शकों को एक बार फिर सीरीज के प्रमुख कलाकार नजर आएंगे। जितेंद्र कुमार सचिव जी के किरदार में वापसी कर रहे हैं,= जबकि रघुबीर यादव प्रधानजी और नीना गुप्ता मंजू देवी की भूमिका में दिखाई देंगी। इसके अलावा सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक भी अपने-अपने किरदारों में नजर आएंगे। सीरीज की खासियत इसके किरदारों के बीच होने वाली स्वाभाविक बातचीत और ग्रामीण जीवन से जुड़ी छोटी-छोटी घटनाएं रही हैं। नए सीजन में भी यही अंदाज बरकरार रहने की झलक ट्रेलर में दिखाई गई है।
गांव की राजनीति के साथ रिश्तों और भावनाओं की कहानी
'पंचायत' की लोकप्रियता की एक बड़ी वजह इसकी कहानी का ग्रामीण जीवन से जुड़ा होना है। सीरीज में गांव की समस्याओं, राजनीति, दोस्ती और रिश्तों को हल्के-फुल्के हास्य के साथ पेश किया जाता है। पांचवें सीजन में भी फुलेरा की सत्ता को लेकर खींचतान जारी रहेगी। हालांकि इस बार सत्ता परिवर्तन के बाद किरदारों के आपसी संबंधों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। ट्रेलर से संकेत मिलता है कि कहानी केवल प्रधान की कुर्सी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सचिव जी की निजी जिंदगी और गांव के दूसरे किरदारों के रिश्तों पर भी ध्यान दिया जाएगा।
पाकिस्तानी ड्रामा 'दर-ए-निजात' के बोल्ड सीन पर मचा बवाल, फैमिली के साथ देखने में दर्शकों को आई शर्म
3 दिसंबर को रिलीज होगी 'पंचायत 5'
मेकर्स की घोषणा के मुताबिक, 'पंचायत 5' का प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा। यह सीरीज भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम की जाएगी। सीरीज का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसे दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने बनाया है, जबकि इसकी कहानी चंदन कुमार ने लिखी है। सीरीज का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है।




















