बुरहानपुर में रात को मदीना होटल पर नगर निगम का छापा, 12 किलो अमानक पॉलीथिन जब्त; 10 हजार का जुर्माना

बुरहानपुर। शहर में प्रतिबंधित और अमानक पन्नी की बिक्री की शिकायतों के बीच नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में निगम की टीम ने शनिवार रात करीब 9 बजे बस स्टैंड स्थित मदीना होटल पर छापामार कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान होटल से करीब 12 किलो अमानक पॉलीथिन जब्त की गई।
होटल संचालक पर आर्थिक दंड
नगर निगम को शहर में लंबे समय से प्रतिबंधित और अमानक पन्नी के इस्तेमाल तथा बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगम ने मदीना होटल की जांच की। कार्रवाई के दौरान पॉलीथिन मिलने पर संबंधित होटल संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। हालांकि, कार्रवाई से जुड़ी शुरुआती जानकारी में जब्त पन्नी की मात्रा 10 किलो बताई गई थी, जबकि विस्तृत कार्रवाई में करीब 12 किलो पॉलीथिन जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।





















