पति की हत्या कर फंदे पर लटकाया, बोली- सुसाइड किया; देवर संग प्रेम और प्रॉपर्टी का खेल!

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक युवक की मौत का मामला पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या में बदल गया। 31 अगस्त को सुमित की मौत के बाद परिवार की ओर से इसे आत्महत्या बताया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम में गला दबाने से मौत की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और शक सुमित की पत्नी काजल और उसके सगे भाई उमेश पर पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध थे और सुमित की संपत्ति पर कब्जे की मंशा से हत्या की साजिश रची गई।
फंदे पर लटका मिला शव, पुलिस को शुरू से था शक
मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के खेतलपुर भंसौली गांव का है। पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को डायल 112 के जरिए सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, घटनाक्रम को लेकर पुलिस को शुरुआत से ही कुछ शक था। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के साथ मामले की जांच शुरू की गई।
पोस्टमार्टम ने खोला राज
पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई तो पूरी कहानी बदल गई। रिपोर्ट में सुमित की मौत की वजह स्टिगुलेशन यानी गला दबाने से मौत बताई गई। इसके बाद पुलिस ने इसे हत्या मानकर जांच तेज कर दी। पुलिस ने परिवार के सदस्यों और घटना से जुड़े संदिग्ध लोगों से अलग-अलग पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस को कुछ कॉल रिकॉर्डिंग भी मिलीं। इन साक्ष्यों के आधार पर सुमित की पत्नी काजल और उसके सगे भाई उमेश पर शक गहराता गया।
देवर-भाभी के कथित प्रेम संबंध का एंगल
पुलिस के अनुसार, काजल और उमेश के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध थे। आरोप है कि दोनों ने सुमित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस का कहना है कि इस साजिश के पीछे सिर्फ कथित प्रेम संबंध छिपाने की मंशा नहीं थी, बल्कि सुमित की संपत्ति पर कब्जा करने की भी बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, सुमित के नाम पर घर और खेती की जमीन थी और दोनों उसके नहीं रहने पर इस संपत्ति पर कब्जा करना चाहते थे।
पहले हत्या, फिर आत्महत्या दिखाने की कोशिश का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को घर में कोई नहीं था। इसी दौरान काजल और उमेश ने कथित तौर पर सुमित की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद दोनों ने शव को घर के कुंदे पर फंदे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। इसके बाद परिवार के दूसरे सदस्यों को इसकी जानकारी दी गई और पुलिस को बताया गया कि सुमित ने फांसी लगाकर जान दे दी। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी।
पूछताछ के बाद पत्नी और देवर गिरफ्तार
पुलिस ने काजल और उमेश से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, कॉल रिकॉर्डिंग और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी सिटी बुलंदशहर अभिषेक प्रताप ने बताया कि 31 अगस्त को डायल 112 के जरिए सुमित के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्टिगुलेशन आया, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।
तीन साल पहले हुई थी शादी, दो साल का बच्चा भी
पुलिस के मुताबिक, सुमित और काजल की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। दोनों का करीब दो साल का बच्चा भी है। पुलिस ने बताया कि सुमित के नाम पर घर के अलावा खेती की जमीन भी थी। मृतक के पिता की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। काजल और उमेश को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने दोनों को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।




















