तेलंगाना में BRS विधायक लस्या नंदिता की कार एक्सीडेंट में मौत, डिवाइडर से टकराई कार; गाड़ी के उड़े परखच्चे

सिकंदराबाद। तेलंगाना की पार्टी भारत राष्ट्रीय समिति (BRS) की विधायक लस्या नंदिता की एक कार दुर्घटना में मौत हो गई। जिस कार से वह यात्रा कर रहीं थीं, वह संगारेड्डी जिले के पाटन केरु के पास आउटर रिंग टॉड पर डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में नंदिता का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया, उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सुबह साढ़े पांच बजे हुआ था एक्सीडेंट
लस्या तेलंगाना की सिकंदराबाद कैंट सीट से विधायक थीं। जानकारी के अनुसार, संगारेड्डी में अमीनपुर मंडल के अधिकार क्षेत्र के तहत सुल्तानपुर आउटर रिंग रोड (ORR) पर मारुति सुजुकी XL6 कार ने कंट्रोल खो दिया और डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में लस्या नंदिता गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसमें देखा जा सकता है कि उनकी कार पूरी तरह से चकनाचूर हो चुकी है।





















