Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कश्मीरी अलगाववादियों से मिलीं ब्रिटिश सांसद रेचल

आतंकी यासीन मलिक की सजा पर चर्चा की, कहा- कश्मीरियों के लिए लड़ती रहूंगी
Follow on Google News
कश्मीरी अलगाववादियों से मिलीं ब्रिटिश सांसद रेचल

लंदन। ब्रिटेन की एक सांसद रेचल हॉपकिंन्स ने जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के डिप्लोमैटिक ब्यूरो चीफ जाफर खान और अन्य सदस्यों से मुलाकात की है। ब्रिटेन की संसद में हुई इस मुलाकात के दौरान उन्होंने कश्मीर के आतंकी यासीन मलिक के केस की सुनवाई पर भी चर्चा की।

संगठन के सदस्यों से मुलाकात के बाद रेचल ने सोशल मीडिया पर कहा कि मैंने जाफर खान के साथ अहम बैठक की। इस दौरान यासीन मलिक को हुई सजा के खिलाफ अपील करने पर चर्चा हुई। मैं हमेशा कश्मीरियों और उनके अधिकारों के लिए खड़ी रहूंगी।

जेकेएलएफ पर जम्मू-कश्मीर में आतंक भड़काने का आरोप: जेकेएलएफ पर जम्मू-कश्मीर में आतंक भड़काने और अलगाववाद को बढ़ावा देने का आरोप है। भारत ने साल 2019 में संगठन पर बैन लगा दिया था।

कश्मीर में आतंकी हमलों के लिए फंडिंग करता था: यासीन मलिक को 2022 में एनआईए कोर्ट ने टेरर फंडिंग केस, यूएपीए और देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के आरोप में उम्र कैद सुनाई थी। दो मामलों में उम्रकैद और अन्य मामलों में 10 साल सजा सुनाई गई थी।

ओआईसी ने यासीन की सजा का विरोध किया था

ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (ओआईसी) के ह्यूमन राइट्स कमीशन ने यासीन को सजा दिए जाने की निंदा की थी। ओआईसी ने कहा था कि मलिक को अमानवीय परिस्थितियों में कैद किया गया, जो कश्मीर में रह रहे मुसलमानों के उत्पीड़न को दर्शाता है। ओआईसी ने मलिक की सजा को भारतीय न्याय प्रणाली का मजाक बनाने जैसा बताया था। भारत के विदेश मंत्रालय ने इस बयान का विरोध किया था। विदेश मंत्रालय ने कहा था कि ओआईसी की टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। अदालत में मलिक के खिलाफ लगे आरोप साबित हुए और उसके बाद ही उसे सजा सुनाई गई।

कबूली थी वायुसेना के जवानों पर हमले की बात

मलिक पर 25 जनवरी 1990 को श्रीनगर में एयरफोर्स के जवानों पर हमला करने का आरोप है। इस घटना में 40 लोग घायल हुए थे, जबकि चार जवान शहीद हो गए थे। स्क्वॉड्रन लीडर रवि खन्ना इनमें से एक थे। यह सभी एयरपोर्ट जाने के लिए गाड़ी का इंतजार कर रहे थे, तभी आतंकियों ने उन पर हमला कर दिया था। मलिक ने एक इंटरव्यू में हमले की बात कबूल की थी। मलिक पर जम्मू- कश्मीर के पूर्व सीएम मुफ्ती मोहम्मद सईद की बेटी रूबिया सईद के अपहरण के भी आरोप लगे थे। 1990 में कश्मीरी पंडितों की हत्या कर उन्हें घाटी छोड़ने पर मजबूर करने में भी यासीन की अहम भूमिका थी।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts