Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बांदा में खेत में सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने गांव के ही युवक पर लगाया आरोप

Follow on Google News
बांदा में खेत में सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने गांव के ही युवक पर लगाया आरोप
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू थाना क्षेत्र में रविवार तड़के खेत में सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और मुआयना किया। अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्रा ने बताया कि, भदेहदू गांव के हार में रविवार तड़के यह घटना उस समय हुई, जब जितेंद्र (25) नामक युवक अपने भाई रोहित के निकट खेत में सो रहा था। इसी दौरान गांव के ही राम मिलन नामक कथित युवक ने जितेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी, जिसे गोली मारते हुए मृतक के भाई ने देख लिया। घटना के बाद राम मिलन मौके से फरार हो गया। पुलिस राम मिलन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतक के पिता का आरोप है कि, एक दिन पहले आरोपी के घर में हमारी बकरी चली गई थी। इसको लेकर आरोपी से विवाद हो गया था।

आज की अन्य खबरें भी पढे़ं...

महाराष्ट्र के ठाणे और पालघर में बिजली गिरने से इमारत में आग लगी

ठाणे/पालघर। महाराष्ट्र के ठाणे और पालघर जिले के कई हिस्सों में रविवार तड़के भारी बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरी। जिसकी वजह से एक इमारत में आग लग गई। भिवंडी-निजामपुर नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ अधिकारी साकिब खरबे ने बताया कि, ठाणे में भिवंडी शहर के कलहेर क्षेत्र में दुर्गेश पार्क इलाके में एक इमारत की प्लास्टिक की छत पर सुबह करीब 6:45 बजे आग लग गई। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन आग से इमारत की प्लास्टिक की छत क्षतिग्रस्त हो गई।

पश्चिम बंगाल के मालदा में पुलिस वाहन की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत

मालदा। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में पुलिस के वाहन की टक्कर से एक महिला समेत दो बुजुर्ग लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हो गए। इस दुर्घटना के बाद नाराज स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। चंचल उपमंडल अधिकारी सौविक मुखर्जी ने बताया कि, दुर्घटना शनिवार को सीतलपुर गांव में उस समय हुई जब एक पुलिस दल किसी मामले की जांच के लिए वहां गया था। पुलिस का वाहन चार स्थानीय लोगों को टक्कर मारने के बाद एक मकान से टकरा गया। स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि, पुलिस वाहन का चालक नशे में था। उन्होंने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई किए जाने की मांग की।
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts