Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

डोनाल्ड ट्रंप की सबसे बड़ी बहन मैरिएन का निधन, 86 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

Follow on Google News
डोनाल्ड ट्रंप की सबसे बड़ी बहन मैरिएन का निधन, 86 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
न्यूयॉर्क। रिटायर फेडरल जज और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सबसे बड़ी बहन मैरिएन ट्रंप बैरी का न्यूयॉर्क में निधन हो गया। वह 86 वर्ष की थीं। बैरी 2019 में रिटायर होने तक यूएस सर्किट कोर्ट ऑफ अपील्स की सीनियर मोस्ट जज थीं। न्यूयॉर्क पुलिस ने उनके निधन की पुष्टि की है। न्यूयॉर्क पुलिस के मुताबिक वे अपने घर में मृत अवस्था में मिलीं और उनकी डेथ का कारण अभी साफ नहीं हो सका है। पूर्व राष्ट्रपति के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने अपनी बुआ के निधन को अपने परिवार के लिए एक कठिन दिन बताया है। गौरतलब है कि ट्रंप पांच भाई-बहन थे, जिनमें से अब डोनाल्ड और उनकी बहन एलिजाबेथ ट्रंप ग्राउ ही जीवित बची हैं।

आज की अन्य खबरें भी पढ़ें...

ओडिशा में बोरवेल में गिरने से 80 साल की बुजुर्ग महिला की मौत

भुवनेश्वर। ओडिशा के सोनपुर जिले में 80 वर्षीय एक महिला की बोरवेल में गिरने से मौत हो गई। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि, महिला की पहचान दुखी नेगी के तौर पर की गई है। अधिकारियों ने बताया कि, उसे पांच घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद गंभीर हालत में 20 फुट गहरे बोरवेल से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुजुर्ग महिला सोमवार शाम को सदर ब्लॉक के कैनफुला गांव के पास एक जंगली इलाके में एक बोरवेल में फिसल कर गिर गई थी। अधिकारी ने बताया कि महिला के परिवार ने दावा किया कि वह बधिर और मूक थी। स्थानीय लोगों ने पूरी रात महिला की तलाश की और पुलिस को सूचना भी दी। वह मंगलवार की सुबह एक बोरवेल में मिली, जिसके बाद दमकल सेवा और ओडिशा आपदा द्रुत कार्य बल (ओडीआरएएफ) ने बचाव अभियान शुरू किया। वहीं सोनपुर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक तथा प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री निरंजन पुजारी ने कहा कि घटना की उचित जांच कराई जाएगी।

झारखंड में दुकानों में लगी आग, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत

धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले में एक बाजार की कुछ दुकानों में भीषण आग लग गई। दम घुटने से छह साल की बच्ची समेत एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि, घटना राज्य की राजधानी रांची से करीब 170 किलोमीटर दूर केंदुआ बाजार में सोमवार रात साढ़े नौ बजे हुई। आग एक इमारत में सौंदर्य प्रसाधन की दुकान में लगी, जो ऊपरी मंजिल तक फैल गई। इसी मंजिल पर दुकान के मालिक सुभाष गुप्ता परिवार के साथ रहते थे। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान सुभाष की मां उमा देवी (70), बहन प्रियंका गुप्ता (37) और बेटी सौम्या गुप्ता उर्फ मौली (6) के रूप में हुई। पुलिस को संदेह है कि संभवत: आग शॉर्ट सर्किट या दिवाली उत्सव के लिए जलाए गए दीये के कारण लगी होगी। पुलिस ने बताया कि आग से नजदीक की छह अन्य दुकानों को भी नुकसान हुआ और लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।

दिल्ली के शकरपुर की रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग, एक की मौत

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के शकरपुर की एक इमारत में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। हादसे में 40 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि 26 लोगों को बचा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि, आग इमारत के पार्किंग क्षेत्र में लगी और इसने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ लोग स्वयं को बचाने के लिए खिड़कियों से कूद गए, सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दिल्ली दमकल सेवा के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें देर रात करीब एक बजकर पांच मिनट पर आग लगने की सूचना मिली... हमने दमकल की तीन गाड़ियों को तुरंत काम पर लगाया। बाद में पांच और दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। मामले की सूचना पुलिस को तुरंत दी गई।''

नहीं रहे ओबेरॉय ग्रुप के मानद चेयरमैन पीआरएस ओबेरॉय

नई दिल्ली। ओबेरॉय ग्रुप के मानद चेयरमैन पृथ्वीराज सिंह ओबेरॉय (पीआरएस ओबेरॉय) का मंगलवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने 94 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। पीआरएस ओबेरॉय ने भारत में होटल व्यवसाय को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्हें भारत में होटल व्यवसाय का चेहरा बदलने के लिए जाना जाता था। वह ओबेरॉय समूह की प्रमुख कंपनी ईआईएच लिमिटेड के पूर्व एग्जीक्यूटिव चेयरमैन थे। उन्हें जनवरी साल 2008 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान, पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। पृथ्वीराज सिंह ओबेरॉय का जन्म दिल्ली में साल 1929 को हुआ था। वे द ओबेरॉय ग्रुप के संस्थापक दिवंगत राय बहादुर एमएस ओबेरॉय के बेटे थे। ओबेरॉय ग्रुप दुनिया की अग्रणी लक्जरी होटल श्रृंखलाओं में से एक है।

जमुई में ट्रक ने पुलिस वाहन को मारी जोरदार टक्कर,  दारोगा की मौत

पटना। बिहार के जमुई जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां गरही इलाके के पास बालू से भरे एक ट्रक ने पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने  घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने एक दारोगा प्रभात रंजन को मृत घोषित कर दिया। वहीं एसपी ने भी सदर अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts