Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बेतुके बोल... NCP नेता जितेंद्र आव्हाड ने पहले भगवान राम को बताया मांसाहारी, बाद में मांगी माफी

Follow on Google News
बेतुके बोल... NCP नेता जितेंद्र आव्हाड ने पहले भगवान राम को बताया मांसाहारी, बाद में मांगी माफी
ठाणे। भगवान राम को मांसाहारी बताने वाले NCP (शरद गुट) के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने विवाद बढ़ने के बाद माफी मांग ली है। शिर्डी में कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान उन्होंने मीडिया से कहा- मैं मुद्दे को तूल नहीं देना चाहता, लेकिन अगर मेरी बात से किसी को ठेस पहुंची है तो मैं माफी मांगता हूं। मैं खेद व्यक्त करता हूं। वे चुनाव के लिए श्रीराम को ला रहे हैं, लेकिन हमारे राम हमारे दिलों में हैं। दरअसल, शरद पवार गुट के एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड ने भगवान राम को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि, राम हमारे हैं और वह बहुजन हैं। राम शाकाहारी नहीं, मांसाहारी थे। वे शिकार करके खाते थे। आव्हाड ने कहा था कि, आप चाहते हैं कि हम शाकाहारी बन जाएं, लेकिन हम राम को अपना आदर्श मानते हैं और मटन खाते हैं। यह राम का आदर्श है। 14 साल तक जंगल में रहने वाला व्यक्ति शाकाहारी भोजन की तलाश में कहां जाएगा? ये सही या गलत? मैं हमेशा सही कहता हूं। उनके इस बयान को लेकर बीजेपी और अजित गुट के नेताओं ने नाराजगी जाहिर की थी। इसके अलावा अजित गुट के एनसीपी कार्यकर्ताओं ने मुंबई में आव्हाड के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था।

आज की अन्य खबरें भी पढ़ें...

बांग्लादेश में चावल मिल में बॉयलर फटने से तीन लोगों की मौत

ढाका। बांग्लादेश में ठाकुरगांव के सदर उपजिला के पल्ली विद्युत क्षेत्र में गुरुवार को एक चावल मिल में बॉयलर फटने से मां-बेटी सहित तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी दी गई है। ठाकुरगांव पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी फिरोज वाहिद ने कहा कि, सुबह 9:15 बजे सईदुर रहमान नामक व्यक्ति की चावल मिल का बॉयलर फट गया। जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक, विस्फोट के बाद चावल मिल में आग भी लग गई। अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और तुरंत आग पर काबू पा लिया। घायलों को ठाकुरगांव सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

महाराष्ट्र के नवी मुंबई की केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग

मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई इलाके में गुरूवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने कहा कि आग लगने की घटना में कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि, पवने औद्योगिक क्षेत्र में महक केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड में सुबह सात बजकर 35 मिनट पर आग लग गई। सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर आग पर काबू पा लिया गया। ऐरोली, कोपरखैरने, वाशी, सीबीडी बेलापुर और नेरुल से दमकल की छह गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया था। आग लगने के कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

उप्र में मुठभेड़ के बाद हरियाणा का 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हरियाणा के एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय मे भर्ती कराया गया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) ग्रामीण सागर जैन ने बताया कि, सरसावा पुलिस तीन जनवरी की रात को नकुड रोड पर शाहजहांपुर तिराहे के पास जांच पड़ताल कर रही थी। तभी उन्होंने हरियाणा के यमुनानगर की ओर से मोटरसाइकिल से आ रहे एक युवक को रूकने का इशारा किया। लेकिन मोटरसाइकिल सवार ने रूकने की बजाय पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने भाग रहे बदमाश का पीछा किया तभी एक किलोमीटर दूर जाने पर बदमाश की मोटरसाइकिल फिसल गई ओर वह नीचे गिर पड़ा। पुलिस को आता देख बदमाश ने फिर से पुलिस पर गोली चलाई, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी गोलीबारी की। पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। जैन ने बताया कि पुलिस ने घायल बदमाश अमन को गिरफ्तार कर लिया और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमन हरियाणा के करनाल जिले के इद्री थाना क्षेत्र में खानपुर का निवासी है।

कांग्रेस में शामिल हुईं आंध्र प्रदेश के CM की बहन YS शर्मिला

नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी की बहन वाई.एस शर्मिला गुरुवार (4 जनवरी, 2024) को कांग्रेस में शामिल हो गईं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। शर्मिला के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को आंध्र प्रदेश में मजबूती मिलेगी। YSR तेलंगाना पार्टी की अध्यक्ष वाई.एस. शर्मिला ने कहा, "आज मैं YSR तेलंगाना पार्टी का कांग्रेस पार्टी में विलय करते हुए बहुत खुश हूं। मुझे बहुत खुशी हो रही है कि YRS तेलंगाना पार्टी आज से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का हिस्सा बनने जा रही है... कांग्रेस पार्टी अभी भी हमारे देश की सबसे बड़ी धर्मनिरपेक्ष पार्टी है..."

दिल्ली AIIMS की दूसरी मंजिल पर डायरेक्टर ऑफिस में लगी भीषण आग

नई दिल्ली। दिल्ली एम्स डायरेक्टर ऑफिस में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आग की वजह से हुए नुकसान की कोई जानकारी सामने नहीं आ पाई है। जानकारी के मुताबिक, डायरेक्टर का ऑफिस दूसरी मंजिल पर है। आग रिप्रोडक्टिव बायोलाजी की लैब में एक फ्रिज में शार्ट सर्किट होने के कारण लगी थी। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।  
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts