Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अमेरिका के वर्जीनिया स्टेट यूनिवर्सिटी में गोलीबारी, 4 घायल

Follow on Google News
अमेरिका के वर्जीनिया स्टेट यूनिवर्सिटी में गोलीबारी, 4 घायल
वॉशिंगटन। अमेरिका में दक्षिणी वर्जीनिया के चेस्टरफील्ड काउंटी में वर्जीनिया स्टेट यूनिवर्सिटी में हुई गोलीबारी में चार लोग घायल हुए हैं। चेस्टरफील्ड काउंटी पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि बोइसो स्ट्रीट पर गोलीबारी की सूचना मिली। इसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि चार लोगों को गोली लगी है। घायलों में दो पुरुष और दो महिलाएं हैं। पुलिस ने कहा कि सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। विश्वविद्यालय ने कहा कि पुलिस अधिकारियों की तत्काल प्रतिक्रिया के बाद, घटनास्थल पर दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया। हिरासत में लिए गए दो 21 वर्षीय पुरुषों पर बंदूक लहराने का आरोप लगाया गया है, उनमें से एक पर बिना परमिट के हथियार ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। विश्वविद्यालय ने कहा- चेस्टरफील्ड पुलिस और वर्जीनिया राज्य पुलिस के सहयोग से जांच जारी है।

आज की अन्य खबरें...

गुजरात में एक्सप्रेस ट्रेन के दो डिब्बे हुए अलग, कोई जनहानि नहीं

सूरत। गुजरात के सूरत के पास गुरुवार सुबह अहमदाबाद-मुंबई डबल डेकर एक्सप्रेस के दो डिब्बे चलती ट्रेन से अलग हो गए। पश्चिमी रेलवे (डब्ल्यूआर) की ओर से बताया गया कि यह घटना सुबह करीब 8.50 बजे हुई जब ट्रेन (संख्या 12932) सायन और सूरत रेलवे स्टेशन के बीच गोथंगम यार्ड में पहुंची। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और अलग हुए डिब्बों को बाद में ट्रेन से जोड़ दिया गया। पश्चिम रेलवे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर कहा कि घटना के तुरंत बाद मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया और अप ट्रेनों को लूप लाइन के माध्यम से चलाया गया। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने कहा कि मार्ग पर अन्य ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई। बाद में पश्चिम रेलवे ने घोषणा की कि मरम्मत का काम पूरा हो गया है। सुबह करीब 11 बजकर 22 मिनट पर उप मुख्य लाइन पर यातायात बहाल हो गया।

फ्रांस में दो राफेल लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त, 2 पायलटों की मौत, ट्रेनिंग के दौरान हुआ हादसा

पेरिस। फ्रांस में दो राफेल लड़ाकू विमानों के ट्रेनिंग मिशन के दौरान हुई दुर्घटना में दो पायलटों की मौत हो गई। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बुधवार रात सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा- हमें यह जानकर बहुत दुख हो रहा है कि राफेल ट्रेनिंग मिशन के दौरान हवाई दुर्घटना में मौतें हुई हैं। वहीं, फ्रांसीसी वायु सेना ने एक्स पर कहा कि बुधवार को स्थानीय समयानुसार लगभग 12:30 बजे जर्मनी में ईंधन भरने के मिशन से लौटते समय पूर्वोत्तर फ्रांस में दो राफेल लड़ाकू विमान हवा में टकरा गए और फिर जमीन पर गिर गए। एक विमान में दो पायलट और दूसरे में एक पायलट था। इससे पहले दोपहर में फ्रांसीसी अधिकारियों ने घोषणा की कि एक विमान में अकेला पायलट सुरक्षित और स्वस्थ पाया गया है।

दक्षिण ऑस्ट्रेलिया में नाव पलटने से दो मछुआरों की मौत

[caption id="attachment_130250" align="aligncenter" width="600"] फाइल फोटो[/caption] कैनबरा। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के समुद्री तट पर एक नाव के पलटने से दो मछुआरों की मौत हो गई है। पुलिस ने बताया कि बुधवार दोपहर अधिकारियों को नाव पलटने की सूचना मिली थी। जिसके बाद समुद्र और वायु मार्ग से आपातकालीन तलाश अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों को कल रात दक्षिणी तट से दूर दक्षिण ऑस्ट्रेलिया मुख्य भूमि और कंगारू द्वीप के बीच उन्हें समुद्र में दो 65 वर्षीय पुरुषों के शव मिले। जिनकी पहचान मछुआरों के रूप में हुई है।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts