VIDEO : ब्राजील के ग्रामाडो शहर में प्लेन क्रैश, 10 लोगों की मौत... कई घायल, घर से टकराकर दुकान पर गिरा एयरक्राफ्ट

Follow on Google News
VIDEO : ब्राजील के ग्रामाडो शहर में प्लेन क्रैश, 10 लोगों की मौत... कई घायल, घर से टकराकर दुकान पर गिरा एयरक्राफ्ट
Brazil Plane Crash: ब्राजील के लोकप्रिय पर्यटन शहर ग्रामाडो में रविवार (22 दिसंबर) की रात एक छोटा पैसेंजर प्लेन क्रैश हो गया। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। यह प्लेन पहले एक इमारत की चिमनी से टकराकर घरों और दुकानों पर जा गिरा। क्रैश होते ही प्लेन में आग लग गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे में ब्राजील के मशहूर व्यवसायी लुइज क्लॉडियो गैलेअज्जी और उनके पूरे परिवार की मौत हो गई।

विमान सवार सभी लोगों की मौत

गवर्नर एडुआर्डो लेइट ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी कि, वे स्टेट डिफेंस फोर्सेज के साथ ग्रामाडो में विमान हादसे के स्थल पर हैं। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी टीमें घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्लेन में सवार सभी लोगों की मौत हो गई है। वहीं राज्य के पब्लिक सेफ्टी ऑफिस के मुताबिक, कम से कम 15 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनमें से अधिकांश दुर्घटना के बाद लगी आग की वजह से घायल हुए हैं।

कहां जा रहा था विमान

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विमान पाइपर चेयेन 400 टर्बोप्रॉप था। जिसने ग्रामाडो से कैनेला शहर के लिए उड़ान भरी थी। वह क्रिसमस के लिए फेमस टूरिस्ट प्लेस फ्लोरिअनोपोलिस जा रहा था। ग्रामाडो साउथ ब्राजील का एक बेहद प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, जिसे अपने जर्मन आर्किटेक्ट और खूबसूरत पहाड़ियों के लिए जाना जाता है। यह शहर अपनी विशेषता और आकर्षण के कारण पर्यटकों के बीच एक लोकप्रिय बन चुका है। खासकर क्रिसमस के समय में यहां की चहल-पहल और बढ़ जाती है, क्योंकि शहर में क्रिसमस की सजावट और उत्सवों का माहौल होता है। इस दौरान दुनियाभर से पर्यटक यहां आते हैं, जिससे ग्रामाडो की रौनक और भी बढ़ जाती है।

दो दिन में दूसरा बड़ा हादसा

ब्राजील में यह दो दिन में दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले शनिवार को ब्राजील के मिनस गेरैस राज्य में एक बस दुर्घटना हुई थी, जिसमें 38 लोगों की मौत हो गई थी और 13 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। यह बस साओ पाउलो से रवाना हुई थी और इसमें 45 यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में एक कार भी बस से टकराई, लेकिन उसमें सवार तीन लोग सुरक्षित बच गए। यह घटनाएं ब्राजील में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाती हैं। ये भी पढ़ें- एक-एक कर जिंदा जले 38 लोग… ब्राजील में ट्रक की टक्कर के बाद धू-धू कर जली बस, कार भी टकराई; कई घायल
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts