Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बोलीविया में नोटों की बारिश!करेंसी से भरा विमान हाईवे पर क्रैश, 15 की मौत; लोगों में पैसे लूटने की मची होड़

बोलीविया में वायुसेना का हरक्यूलिस विमान ला पाज के पास एल ऑल्टो एयरपोर्ट पर क्रैश हो गया। सेंट्रल बैंक के नए नोट ले जा रहा विमान रनवे से फिसलकर सड़क पर गिरा। हादसे में 15 लोगों की मौत और 30 से ज्यादा घायल हुए। सड़क पर नोट बिखरने से अफरा-तफरी मच गई, एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
Follow on Google News
करेंसी से भरा विमान हाईवे पर क्रैश, 15 की मौत; लोगों में पैसे लूटने की मची होड़
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    ला पाज। दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया में शुक्रवार शाम एक बड़ा विमान हादसा हो गया। Bolivian Air Force का हरक्यूलिस कार्गो विमान प्रशासनिक राजधानी ला पाज (La Paz) के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ये विमान देश के सेंट्रल बैंक के लिए नए नोट लेकर जा रहा था। हादसे में अब तक कम से कम 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में विमान में सवार कर्मियों के साथ-साथ जमीन पर मौजूद नागरिक भी शामिल हैं। कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

    लैंडिंग के दौरान फिसला विमान

    अधिकारियों के मुताबिक, विमान ने सांता क्रूज से उड़ान भरी थी और वह एल ऑल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरने वाला था। खराब मौसम और विजिबिलिटी कम होने के चलते लैंडिंग के दौरान रनवे पर विमान का बैलेंस बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि, विमान रनवे से फिसलकर एयरपोर्ट से सटी एक व्यस्त सड़क पर जा गिरा। सड़क पर खड़ी 10 से 15 गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान दो हिस्सों में टूट गया। मलबा, क्षतिग्रस्त वाहन और शव सड़क पर बिखरे नजर आए।

    सड़क पर बिखरे बैंक के नए नोट

    यह हादसा इसलिए भी हैरान करने वाला है, क्योंकि विमान में देश के सेंट्रल बैंक के नए छपे नोट लदे हुए थे। दुर्घटना के बाद बड़ी मात्रा में नोट सड़क और आसपास के क्षेत्र में बिखर गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि, दुर्घटनास्थल के आसपास भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ लोग जमीन पर पड़े नोट उठाने लगे। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को भीड़ हटाने के लिए पानी की बौछार और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा।

    हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मौके से आई तस्वीरों में अफरा-तफरी साफ दिखाई दे रही है।

    दमकल और बचाव दल ने संभाली कमान

    हादसे के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। विमान में आग लग गई थी, जिसे दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया। फायर चीफ पावेल टोवर ने बताया कि, हादसे में कम से कम 15 वाहनों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि, मृतकों में कितने लोग विमान में सवार थे और कितने सड़क पर मौजूद थे।

    घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर है और उनका इलाज जारी है।

    एल ऑल्टो एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद

    दुर्घटना के बाद सुरक्षा कारणों से El Alto International Airport को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। एयरपोर्ट लगभग 4,000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर स्थित है और इसे दुनिया के ऊंचाई वाले प्रमुख हवाई अड्डों में गिना जाता है। हादसे के बाद सभी उड़ानों को डायवर्ट किया गया या स्थगित कर दिया गया।

    देश की राष्ट्रीय एयरलाइन Boliviana de Aviación ने बयान जारी कर स्पष्ट किया कि, दुर्घटनाग्रस्त विमान उनके बेड़े का हिस्सा नहीं था, बल्कि यह वायुसेना का सैन्य विमान था।

    यह भी पढ़ें: ट्रंप : अमेरिकी संसद में दिया सबसे लंबा भाषण, ईरान को धमकाया

    हादसे की जांच शुरू

    प्रशासन ने दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार खराब मौसम और रनवे पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है, लेकिन असली वजह जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी।

    बोलीविया का सेंट्रल बैंक इस घटना को लेकर प्रेस ब्रीफिंग करने वाला है। यह भी जांच का विषय है कि, इतनी बड़ी मात्रा में नकदी की हवाई ढुलाई (Air Freight) के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल कितने प्रभावी थे।

    खराब मौसम बना वजह?

    स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक दुर्घटना के समय क्षेत्र में मौसम खराब था। तेज हवा और कम दृश्यता के कारण लैंडिंग चुनौतीपूर्ण हो सकती थी। विशेषज्ञों का मानना है कि, ऊंचाई वाले एयरपोर्ट पर लैंडिंग पहले से ही तकनीकी रूप से जटिल होती है। ऐसे में खराब मौसम जोखिम को और बढ़ा देता है।

    हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि विमान टेकऑफ कर रहा था या लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts