ताजा खबरराष्ट्रीय

BJP का घोषणापत्र जारी : यूनिफॉर्म सिविल कोड का वादा, PM बोले- 5 साल तक मुफ्त राशन जारी रहेगा; जानें संकल्प पत्र में क्या है खास

नई दिल्ली। भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। इसे भाजपा का संकल्प- मोदी की गारंटी नाम दिया गया है। दिल्ली स्थित पार्टी हेडक्वार्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जेपी नड्‌डा, राजनाथ सिंह, अमित शाह और निर्मला सीतारमण ने मेनिफेस्टो जारी किया।

बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में पीएम मोदी के भारत को 2047 तक विकसित देश बनाने के संकल्प को पूरा करने का रोडमैप पेश किया है। इसके साथ ही पिछले 10 साल के वादों और उन्हें पूरा करने पर बना एक वीडियो भी जारी किया गया।

पीएम मोदी का संबोधन

  • आज बहुत ही शुभ दिन है। देश के कई राज्यों में इस समय नववर्ष का उत्साह है। आज नवरात्रि के छठे दिन हम सभी मां कात्यायनी की पूजा करते हैं और मां कात्यायनी अपनी दोनों भुजाओं में कमल धारण किए हुए हैं। ये संयोग भी बहुत बड़ा आशीर्वाद है।
  • आज बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती भी है। ऐसे पावन समय में आज भाजपा ने विकसित भारत के संकल्प पत्र को देश के सामने रखा है। मैं आप सभी को, सभी देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
  • पूरे देश को भाजपा के संकल्प पत्र का बहुत इंतजार रहता है। इसका एक बड़ा कारण है। 10 वर्षों में भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के हर बिंदु को गारंटी के रूप में जमीन पर उतारा है।
  • भाजपा ने मेनिफेस्टो की सुचिता को फिर स्थापित किया है। ये संकल्प पत्र विकसित भारत के 4 मजबूत स्तंभ – युवाशक्ति, नारीशक्ति, गरीब और किसान, इन सभी को सशक्त करता है। हमारा फोकस dignity of life पर, quality of lives और निवेश से नौकरी पर है।
  • मोदी की गारंटी है कि मुफ्त राशन की योजना आने वाले 5 साल तक जारी रहेगी। हम ये सुनिश्चित करेंगे कि गरीब के भोजन की थाली पोषणयुक्त हो, उसके मन को संतोष देने वाली हो और अफोर्डेबल हो, सस्ती हो।
  • अब भाजपा ने संकल्प लिया है कि 70 वर्ष की आयु से ऊपर के हर बुजुर्ग को आयुष्मान योजना के दायरे में लाया जाएगा। 70 साल से ऊपर का हर बुजुर्ग, चाहे वो गरीब हो, मध्यम वर्ग का हो या फिर उच्च मध्यम वर्ग से ही क्यों न हो, उन्हें 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।

  • भाजपा सरकार ने गरीबों को 4 करोड़ पक्के घर बनाकर दिए हैं। अब जो अतिरिक्त जानकारियां राज्य सरकारों से मिल रही हैं, उन परिवारों की भी चिंता करते हुए हम 3 करोड़ घर और बनाने का संकल्प लेते हुए आगे बढ़ेंगे। अभी तक हमने सस्ते सिलेंडर घर-घर पहुंचाए हैं, अब हम पाइप से सस्ती रसोई गैस घर-घर पहुंचाने के लिए तेजी से काम करेंगे।
  • भारत आज women led development में दुनिया को दिशा दिखा रहा है। पिछले 10 वर्ष, नारी गरिमा, नारी को नए अवसरों को समर्पित रहे हैं। आने वाले 5 वर्ष नारीशक्ति की नई भागीदारी के होंगे।
  • जिनको किसी ने नहीं पूछा, उनको मोदी पूजता है। यही सबका साथ, सबका विकास का भाव है और यही भाजपा के संकल्प पत्र की आत्मा भी है। 10 वर्षों में हमने दिव्यांगजनो के लिए अनेक सुविधाएं दी हैं। दिव्यांग साथियों को अब पीएम आवास योजना में प्राथमिकता दी जाएगी, उनकी विशेष जरूरतों के अनुसार उन्हें आवास मिल सके, इसके लिए विशेष रूप से काम किया जाएगा।
  • सहकारिता से समृद्धि के विजन पर चलते हुए भाजपा राष्ट्रीय सहकारिता नीति लेकर आएगी। देशभर में डेयरी और सहकारी समितियों की संख्या भी बहुत बड़ी मात्रा में बढ़ाई जाएगी।
  • कुछ महीने पहले ही दुनिया की अन्न भंडारण योजना शुरू हो चुकी है। भारत को Global Nutrition Hub बनाने के लिए हम श्री अन्न पर बहुत अधिक बल देने वाले हैं। इससे श्री अन्न पैदा करने वाले 2 करोड़ से ज्यादा छोटे किसानों को विशेष लाभ होगा।

  • भाजपा का संकल्प भारत को फूड प्रोसेसिंग हब बनाने का है। इससे वैल्यू एडिशन होगा, किसान का फायदा बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे।
  • भाजपा, विकास भी और विरासत भी के मंत्र पर विश्वास करती है। हम पूरी दुनिया में तिरुवल्लुवर कल्चरल केंद्रों का निर्माण करेंगे। दुनिया की सबसे पुरानी तमिल भाषा हमारा गौरव है। तमिल भाषा की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए भाजपा हर पर्यटन करेगी।
  • 21वीं सदी के भारत की बुनियाद भाजपा 3 तरह के इंफ्रास्ट्रक्चर से मजबूत करने जा रही है –

पहला – सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर

दूसरा – डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर

तीसरा – फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर

  • सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए हम नए-नए एजुकेशन इंस्टीट्यूट खोल रहे हैं, यूनिवर्सिटी बना रहे हैं, मेडिकल कॉलेज खोल रहे हैं। फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए हम देशभर में हाइवे, रेलवे, एयरवे और वॉटर वे को आधुनिक बना रहे हैं। डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए हम 5G का विस्तार कर रहे हैं, 6G पर काम कर रहे हैं।
  • भाजपा देश के कोने-कोने में वंदे भारत ट्रेनों का भी विस्तार करेगी। देश में वंदे भारत के 3 मॉडल चला करेंगे – स्लीपर, चेयरकार और वंदे भारत मेट्रो। उसी प्रकार से आधुनिक और विकसित भारत की दिशा में आज अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन का काम तेजी से चल रहा है और करीब पूर्ण होने की ओर है। अब भाजपा का संकल्प है कि आने वाले समय में उत्तर भारत, दक्षिण भारत और पूर्वी भारत में एक-एक बुलेट ट्रेन के प्रोजेक्ट से हम आधुनिकता की तरफ जाने को गति देंगे। इसके लिए सर्वे का काम भी जल्द शुरू होगा।
  • भाजपा देशहित में बड़े और कड़े निर्णय लेने से कभी पीछे नहीं हटती। हमारे लिए दल से बड़ा देश है। नारीशक्ति वंदन अधिनियम अब कानून बन चुका है। BJP ने आर्टिकल 370 हटाया और हम CAA लेकर आए। Reform-Perform-Transform के मंत्र पर चलते हुए हम और तेजी से आगे बढ़ेंगे।
  • पूरे देश को भाजपा के संकल्प पत्र का बहुत इंतजार रहता है। इसका एक बड़ा कारण है। 10 वर्षों में भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के हर बिंदु को गारंटी के रूप में जमीन पर उतारा है।
  • भाजपा ने संकल्प लिया है कि 70 वर्ष की आयु से ऊपर के हर बुजुर्ग को आयुष्मान योजना के दायरे में लाया जाएगा। 70 साल से ऊपर का हर बुजुर्ग, चाहे वो गरीब हो, मध्यम वर्ग का हो या फिर उच्च-मध्यम वर्ग से ही क्यों न हो, उन्हें 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।
  • अभी तक हमने सस्ते सिलेंडर घर-घर पहुंचाए हैं, अब हम पाइप से सस्ती रसोई गैस घर-घर पहुंचाने के लिए तेजी से काम करेंगे।

जेपी नड्डा का संबोधन

  • भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बोले- हम जानते हैं कि आज संकल्प पत्र का लोकार्पण होगा। लेकिन हम सबको ये भी ध्यान में रखना चाहिए कि भाजपा और शुरू में जनसंघ काल से एक विचारधारा आधारित पार्टी होने के नाते, उन विचारों को लगातार आगे बढ़ाते हुए वैचारिक अधिष्ठान की यात्रा में हम सब लोग सम्मिलित हैं। हर बार जब चुनाव आता है, तो उसी वैचारिक यात्रा को आगे बढ़ाने का काम हम सब लोगों ने किया है।
  • हम सब जानते हैं कि एक समय में हमने एकात्म मानववाद की बात कही, फिर जब हम सरकार में आए, तो उसी को हमने अंत्योदय के रूप में स्थापित किया। प्रधानमंत्री मोदी जी ने उसको ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ से जोड़ते हुए नीतियों को आगे बढ़ाने का काम किया।
  • 2014 में, जब प्रधानमंत्री मोदी जी संसदीय दल के नेता चुने गए थे, तब उन्होंने कहा था, ‘हमारी सरकार गरीब, गांव, और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को समर्पित है’। उसी को कार्यरूप देते हुए पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश ने इन सारे आयामों को आगे बढ़ाने का काम किया है।
  • आज पीएम आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ पक्के घर बन चुके हैं और इस कार्य को आगे भी जारी रखा गया है। आज 50 करोड़ जनधन खातों में से 55.5% जनधन खाते महिलाओं के नाम पर खोले गए हैं।
  • आज देश में 10 करोड़ से अधिक गैस सिलेंडर उज्ज्वला योजना के अंतर्गत दिए जा चुके हैं। 11 करोड़ से अधिक इज्जत घर देश भर में बनाए गए हैं।
  • बीते 10 वर्षों में मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने खूबसूरती के साथ विविधता में एकता के मंत्र को आत्मसात करके सांस्कृतिक एकता से भारत की एकात्मकता का रास्ता तय किया है। देशवासियों के संतुष्टिकरण का रास्ता चुनते हुए, 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। मोदी 3.0 में ‘विकसित राष्ट्र’ के संकल्प की पूर्ति के लिए कल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का संबोधन

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- मुझे इस बात का हर्ष और संतोष है कि मोदी जी के नेतृत्व में हमने देशवासियों से किया गया हर वादा पूरा किया है। चाहे 2014 का संकल्प पत्र हो या 2019 का घोषणा पत्र हो, मोदी जी के नेतृत्व में हमने अपने हर संकल्प को पूरा किया है।
  • जब मोदी जी के नेतृत्व में हम 2014 का चुनाव लड़ने जा रहे थे, उस समय, मैं पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष था और डॉ. मुरली मनोहर जोशी जी मेनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष थे। मोदी जी के आग्रह को ध्यान में रखते हुए पार्टी का जो संकल्प पत्र तैयार किया गया था, उसमें इस बात का ध्यान रखा गया था कि जो भी संकल्प हम देश के सामने रखें, उसे हम निश्चित रूप से पूरा करें।
  • प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 5 वर्षों में संकल्पित भारत-सशक्त भारत के संकल्प को पूरा करने पर सफलतापूर्वक काम किया है। अब हम भारत के 140 करोड़ नागरिकों के सामने अपना नया संकल्प पत्र प्रस्तुत करने जा रहे हैं।

GYAN को लेकर आगे बढ़ रही भाजपा

एक व्यक्ति, जो आज भरोसे का पर्याय बन चुका है… क्योंकि मोदी की गारंटी ही गारंटी पूरी होने की गारंटी है। आने वाले 5 साल भी सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के होंगे, ये है मोदी की गारंटी।

भारतीय जनता पार्टी GYAN (गरीब, युवा, अन्नदाता व नारीशक्ति) को लेकर आगे बढ़ रही है और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प ले रही है। लोकसभा चुनाव-2024 के संकल्प पत्र के विमोचन के दौरान पीएम मोदी ने इन चार वर्गों से एक-एक व्यक्ति को ये संकल्प पत्र सौंपा।

ये भी पढ़ें- PM मोदी बोले- जम्मू-कश्मीर को फिर मिलेगा राज्य का दर्जा, दशकों बाद आतंकवाद और सीमा पार से गोलीबारी के भय के बिना हो रहे चुनाव

संबंधित खबरें...

Back to top button