Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भाजपा ने कई चुनावी घोषणाओं को जमीन पर उतारा, कांग्रेस के वचन भी छीन लिए

प्रदेश में 5 नए जिले बनाने का ऐलान, पार्टी के घोषणा पत्र का प्रारूप तैयार
Follow on Google News
भाजपा ने कई चुनावी घोषणाओं को जमीन पर उतारा, कांग्रेस के वचन भी छीन लिए

भोपाल। विधानसभा चुनाव की मैदानी तैयारियों के साथ वोटर्स को लुभाने के लिए लोकलुभावन घोषणाओं का सिलसिला चल पड़ा है। भाजपा इसमें भी कांग्रेस पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा की घोषणा पत्र समिति ने अपना प्रारूप तैयार कर संगठन को सौंप दिया है। आचार संहिता लागू होने के बाद भाजपा इसे जोर-शोर से जारी करेगी। हालांकि इस बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा नए जिले बनाने से लेकर नई-नई घोषणाओं का सिलसिला जारी है। अब तक लाड़ली बहना, सस्ती गैस, मुख्यमंत्री सीखो कमाओ, किसानों के लिए ब्याज माफी, संविदा कर्मचारियों, रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और कर्मचारियों को डीए और लाड़ली बहना आवास सहित अनेक योजनाओं का ऐलान कर चुके हैं। प्रदेश में कांग्रेस इसलिए भी परेशान है कि उसके कुछ वचन और गारंटी पर भाजपा ने अमल शुरू कर दिया।

योजनाओं पर अमल भी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वर्णिम और विकसित मप्र बनाने की योजना का रोड मैप बता दिया है। कांग्रेस ने अपनी चुनावी घोषणा में नारी सम्मान, बिजली बिल और सस्ती गैस देने के वायदा किया था लेकिन मुख्यमंत्री चौहान इनसे मिलती-जुलती योजनाओं का न सिर्फ ऐलान किया बल्कि उन पर अमल भी शुरू कर दिया। कांग्रेस की चुनावी रणनीति धरी रह गई अब वह वोटर्स को लुभाने दूसरी योजनाएं ढूंढने में जुटी है।

विपक्ष की ये हैं घोषणाएं

कांग्रेस ने 500 रुपए में गैस, 100 यूनिट फ्री बिजली और 1500 रुपए महिलाओं को देने का ऐलान किया था।

5 नए जिले व प्रमुख ऐलान

पिछोर, मऊगंज, पांढुरना, नागदा और मैहर को जिला बनाएंगे। मऊगंज जिला असतित्व में आ गया। बाकी की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, सीखो कमाओ योजना, ब्याज माफी, संविदा कर्मचारियों को रेगुलर वेतन, रोजगार सहायकों का वेतन डबल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की वेतन बढ़ोतरी, सीएम राइज स्कूल, मेधावी छात्रों को ई-स्कूटी, कर्मचारियों को डीए, लाड़ली बहना आवास योजना और आशा-उषा कार्यकर्ताओं के लिए घोषणाएं हो चुकी हैं।

समिति ने घोषणा पत्र का प्रारूप पार्टी प्रमुख को सौंपा

भाजपा घोषणा पत्र समिति अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जयंत मलैया ने ''पीपुल्स समाचार '' को बताया उन्होंने अपनी टीम के साथ प्रदेश के संभागों का दौरा कर घोषणा पत्र का प्रारूप पार्टी प्रमुख को सौंप दिया है। इसमें समाज के सभी वर्गों से जो सुझाव मिले, उन्हें भी शामिल किया गया है। अब इसे जरूरी संशोधन के बाद जारी किया जाएगा।

कांग्रेस से छीनीं ये योजनाएं

  • गरीब महिलाओं को 100 रुपए बिजली बिल देने की योजना।
  • लाड़ली बहनों के लिए 1250 रुपए को बढ़ाकर 3 हजार रुपए तक ले जाने का ऐलान किया।
  • 450 रुपए में गैस सिलेंडर की योजना अमल में भी आ गई है।
Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts