Bihar Election 2025 :राबड़ी आवास के बाहर कुर्ता फाड़कर रोए RJD नेता, टिकट नहीं मिलने पर लगाया 2.70 करोड़ मांगने का आरोप

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, वैसे-वैसे सियासी हलचल और विवाद भी तेज़ हो गए हैं। टिकट वितरण को लेकर महागठबंधन में खींचतान जारी है और अब आरजेडी (राष्ट्रीय जनता दल) के अंदर से ही बड़ा बवाल सामने आया है।
मधुबन विधानसभा क्षेत्र से टिकट नहीं मिलने पर नाराज पूर्व प्रत्याशी मदन शाह ने रविवार को पटना स्थित राबड़ी देवी के आवास के बाहर कुर्ता फाड़कर जोरदार प्रदर्शन किया। वे सड़क पर बैठकर रोने लगे और पार्टी पर टिकट बेचने का आरोप लगाया।
संजय ने मांगे 2.70 करोड़ रुपए : मदन शाह का आरोप
प्रदर्शन के दौरान मदन शाह भावुक होकर बोले, संजय यादव ने मुझसे मधुबन सीट का टिकट देने के बदले ₹2.70 करोड़ मांगे। जब मैंने पैसे देने से इनकार किया, तो टिकट डॉ. संतोष कुशवाहा को दे दिया गया। उन्होंने कहा कि वे वर्षों से पार्टी के लिए मेहनत कर रहे हैं, लेकिन समर्पित कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर धनबल वालों को प्राथमिकता दी जा रही है।
मदन शाह ने आरजेडी के राज्यसभा सांसद संजय यादव पर टिकट दलाली का गंभीर आरोप लगाया और कहा कि अब पार्टी में समर्पण नहीं, बल्कि सौदेबाजी चल रही है।
राबड़ी आवास के बाहर अफरा-तफरी
घटना के दौरान लालू-राबड़ी आवास के बाहर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मदन शाह को हटाया, लेकिन इससे पहले वहां मौजूद लोगों ने उनका वीडियो बना लिया। इस वीडियो में मदन शाह ज़मीन पर लेटे हुए और रोते-बिलखते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल आरजेडी की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर भी मतभेद
राज्य में महागठबंधन के भीतर सीटों को लेकर खटपट अभी तक सुलझ नहीं पाई है। आरजेडी और कांग्रेस के बीच कई सीटों पर सीधी टक्कर की स्थिति बन रही है, वहीं वीआईपी (मुकेश सहनी) के साथ भी मतभेद सामने आए हैं। कुछ सीटों पर दोनों दलों के उम्मीदवारों ने एक ही जगह से नामांकन तक कर दिया है।
पहले चरण की वोटिंग में सिर्फ 19 दिन बाकी
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग 20 अक्टूबर को होनी है, और नामांकन वापसी की आखिरी तारीख भी यही है। अब तक कांग्रेस 53 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है जबकि आरजेडी ने 52 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है। तेजस्वी यादव खुद राघोपुर सीट से मैदान में हैं, जहां उनका मुकाबला भाजपा उम्मीदवार सतीश यादव से होगा। वहीं सतीश यादव जिन्होंने 2010 में राबड़ी देवी को हराया था।
NDA में CM चेहरा पर चर्चा जारी
वहीं, एनडीए में सीटों का बंटवारा पूरा हो चुका है और सभी दलों ने अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर अब भी अटकलें हैं। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बयान दिया कि हमारा गठबंधन पांच दलों का है। चुनाव के बाद जितने विधायक जीतकर आएंगे, वही मिलकर अपना नेता चुनेंगे। इससे पहले 17 अक्टूबर को गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था, नीतीश कुमार पर न सिर्फ भाजपा बल्कि बिहार की जनता को भी पूरा भरोसा है।
NDA की जीत के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा, यह विधायक दल तय करेगा। यह घटना चुनाव से पहले आरजेडी के अंदर टिकट बंटवारे को लेकर मचे असंतोष की एक झलक दिखाती है, जिसने बिहार की सियासत को और गरमा दिया है।
बिहार में दो चरणों में मतदान
बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटें हैं। चुनाव आयोग ने राज्य में दो चरणों में मतदान का निर्णय लिया है, ताकि मतदाताओं को सुविधा मिले और प्रशासनिक दृष्टि से चुनाव सुचारू रूप से संपन्न कराए जा सकें।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का पूरा कार्यक्रम
| चुनाव इवेंट्स | पहला चरण (121 सीटें) | दूसरा चरण (122 सीटें) |
|---|---|---|
| गजट अधिसूचना जारी | 10 अक्टूबर 2025 (शुक्रवार) | 13 अक्टूबर 2025 (सोमवार) |
| नामांकन की अंतिम तिथि | 17 अक्टूबर 2025 (शुक्रवार) | 20 अक्टूबर 2025 (सोमवार) |
| नामांकन की जांच | 18 अक्टूबर 2025 (शनिवार) | 21 अक्टूबर 2025 (मंगलवार) |
| नाम वापसी की अंतिम तिथि | 20 अक्टूबर 2025 (सोमवार) | 23 अक्टूबर 2025 (गुरुवार) |
| मतदान की तिथि | 6 नवंबर 2025 (गुरुवार) | 11 नवंबर 2025 (मंगलवार) |
| मतगणना की तिथि | 14 नवंबर 2025 (शुक्रवार) | — |
| चुनाव प्रक्रिया समाप्ति की तिथि | 16 नवंबर 2025 (रविवार) | 16 नवंबर 2025 (रविवार) |





















