बिहार के भागलपुर में दिनदहाड़े BJP नेता की हत्या, सिर में मारी गोली

बिहार के भागलपुर में शुक्रवार को दिनदहाड़े बीजेपी नेता हत्या करदी गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मामला बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज इलाके का हैं यहां बीजेपी नेता उमा भूषण तांती को गोली मार दी गई। वह बीजेपी में मंडल अध्यक्ष के पद पर थे। गोली सिर में लगने की बात सामने आई है।
इलाज के लिए अस्पताल ले गए लोग
गोली लगने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उमा भूषण तांती को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। बेटी भी अस्पताल पहुंची और पिता का शव देखकर फूट-फूटकर रोने लगी। इस घटना के बाद इलाके में लोगों में काफी गुस्सा भी देखने को मिला।
काली पूजा के चंदे को लेकर विवाद की चर्चा
शुरुआती जानकारी में हत्या की वजह को लेकर काली पूजा के चंदे से जुड़े विवाद की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि चंदा लेने को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या किए जाने की चर्चा है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की असली वजह सामने आएगी।
ये भी पढ़ें: खेत में मोटर चालू करने गए किसान की करंट लगने से मौत, परिवार में पसरा मातम
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सिटी एसडीपीओ ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। बीजेपी विधायक रोहित पांडेय भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।
हत्या के पीछे कौन?
इस हत्याकांड के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि उमा भूषण तांती की हत्या किसने की? क्या काली पूजा के चंदे को लेकर हुआ विवाद ही इस वारदात की वजह बना या इसके पीछे कोई पुराना विवाद था? फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।




















