बाड़ी: स्कूल की हालत खस्ता हाल, दीवार गिरी; 139 विद्यार्थी एक ही हॉल में पढ़ने को मजबूर

बाड़ी। जर्जर भवन के कारण कक्षा 1 से 8वीं तक के कुल 139 विद्यार्थी एक ही हॉल में दो पालियों में पढ़ने को मजबूर हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सरपंच, सीईओ जनपद पंचायत बाड़ी, बीआरसी बाड़ी सहित वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार लिखित सूचना दी है, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
लंबे समय से जर्जर है स्कूल भवन
ग्राम भारकच्छ कला स्थित शासकीय बालक माध्यमिक शाला की दीवारें क्षतिग्रस्त हैं और छत भी टूट चुकी है। हालात इतने गंभीर हैं कि 10 सितंबर को सुबह करीब 11:10 बजे अचानक भवन की एक दीवार का हिस्सा गिर गया।
ये भी पढ़ें: गुरु बालदास के बड़े बेटे ढाल दास ने थामा कांग्रेस का हाथ, मंत्री खुशवंत साहब के हैं बड़े भाई
जर्जर भवन का गिरा हिस्सा
दीवार का हिस्सा गिरने की घटना के समय वहां कोई छात्र नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जर्जर भवन के कारण स्कूल में पढ़ाई की व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में चिंता है।
एक ही हॉल में पढ़ रहे 139 विद्यार्थी
कक्षा 1 से 5वीं तक करीब 75 विद्यार्थी और कक्षा 6वीं से 8वीं तक करीब 64 विद्यार्थी हैं। कुल 139 विद्यार्थी एक ही हॉल में दो पालियों में पढ़ने को मजबूर हैं, जबकि विद्यालय का कार्यालय भी जर्जर भवन के हिस्से में ही संचालित हो रहा है।
डर के साये में पढ़ने को मजबूर बच्चे
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार भवन की जर्जर स्थिति को लेकर सरपंच भारकच्छ, सीईओ जनपद पंचायत बाड़ी, बीआरसी बाड़ी सहित वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार लिखित सूचना दी जा चुकी है। इसके बावजूद अभी तक पुनर्निर्माण और मरम्मत को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की
जर्जर स्कूल भवन को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। राम लाल कुशवाहा, रमेश कुमार, हरिराम ठाकुर, दिनेश शिल्पी सहित परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि किसी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय तत्काल जर्जर भवन का निरीक्षण कर नए भवन का निर्माण कराया जाए।
ये भी पढ़ें: एमपी में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल, 5 डे वर्किंग की मांग; 3 दिन तक रहेगा असर
क्या कहते हैं अधिकारी?
बीआरसी बाड़ी रमेश चंद्र राजपूत ने कहा, भारकच्छ स्कूल क्षतिग्रस्त है इस संबंध में पत्र आया है, हमारे द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है जल्द सुधार कराया जाएगा। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि अधिकारियों की ओर से जल्द कार्रवाई होगी और विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित भवन की व्यवस्था की जाएगी।




















