CM सम्राट चौधरी ने बुलाई आपात बैठक, सभी BJP मंत्रियों को पहुंचने के निर्देश

बिहार में फरक्का जल संधि को लेकर सियासी माहौल एक बार फिर गरमा गया है। जेडीयू की ओर से लगातार तीखे बयान आने के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बीजेपी कोटे के सभी मंत्रियों की अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक शुक्रवार शाम 5 बजे मुख्यमंत्री आवास पर होगी।
सभी BJP मंत्रियों को बैठक में पहुंचने के निर्देश
बैठक को लेकर बीजेपी कोटे के सभी मंत्रियों को मौजूद रहने के लिए कहा गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जो मंत्री फिलहाल बिहार या पटना से बाहर हैं, उन्हें तुरंत वापस लौटने को कहा गया है। अचानक बुलाई गई इस बैठक के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। बैठक के समय को लेकर भी कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
बैठक की वजह क्या बताई गई?
पार्टी स्तर पर बैठक की वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को बताया जा रहा है। हालांकि, फरक्का जल संधि को लेकर जेडीयू के हालिया बयानों के बीच बैठक बुलाए जाने से राजनीतिक चर्चाओं को और हवा मिल गई है।
फरक्का जल संधि पर जेडीयू का अभियान
दरअसल, जेडीयू की ओर से बिहार के अलग-अलग जिलों में 'फरक्का जल संधि पर नीतीश संवाद' कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में राज्यसभा सांसद संजय झा ने मंगलवार को बेगूसराय में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। कार्यक्रम के दौरान फरक्का समझौते को लेकर बिहार के हितों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। जेडीयू का कहना है कि 1996 के फरक्का समझौते का असर बिहार में बाढ़ और पानी की उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं पर पड़ा है।
बिहार की राजनीति में बढ़ी हलचल
फरक्का जल संधि को लेकर जेडीयू के कार्यक्रमों और बयानों के बीच अब बीजेपी ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री आवास पर बीजेपी कोटे के मंत्रियों की बैठक इसी कड़ी में अहम मानी जा रही है। फिलहाल बैठक की आधिकारिक वजह कार्यक्रम की तैयारियां बताई जा रही है, लेकिन मौजूदा राजनीतिक माहौल में इस बैठक को लेकर बिहार में चर्चाओं का दौर तेज है।




















