एकतरफा प्यार में सीनियर ने 11वीं की छात्रा को अगवा किया, बोलेरो से जंगल ले गया; 5 आरोपी गिरफ्तार

गुमला। झारखंड के गुमला में 11 वीं कक्षा की 18 वर्षीय छात्रा के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि एकतरफा प्यार में उसके सीनियर ने पहले से प्लानिंग कर अपने साथियों की मदद से छात्रा को अगवा किया। स्कूल से घर लौटते समय छात्रा को बोलेरो में बैठाकर अरंगी जंगल ले जाया गया, जहां उसे रातभर रखा गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छात्रा को सुबह करीब 4 बजे सकुशल बरामद कर लिया। मामले में मुख्य आरोपी बिरिया उरांव समेत पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई बोलेरो भी जब्त कर ली है। छात्रा के परिजनों की लिखित शिकायत के बाद सिसई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी की निशानदेही पर उसके चार अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया।
स्कूल से घर लौटते समय छात्रा को बोलेरो में बैठाया
जानकारी के मुताबिक, छात्रा नागफेनी-पोढ़ा के बीच स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान बिरिया उरांव अपने चार साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि सभी ने मिलकर छात्रा को बोलेरो में बैठाया और अरंगी जंगल की ओर ले गए। बताया गया है कि बिरिया ने इस घटना की पहले से योजना बनाई थी और इसके लिए बोलेरो भी मंगवाई थी। छात्रा को जंगल ले जाने के बाद उसे रातभर वहीं रखा गया। इस दौरान आरोपी के अन्य साथी भी उसके साथ मौजूद थे।
दो दोस्तों ने परिजनों को दी जानकारी
जिस समय छात्रा को अगवा किया गया, उस समय उसके दो दोस्त भी उसके साथ थे। घटना के बाद उन्होंने छात्रा के परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने सिसई थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की सूचना दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सुबह करीब 4 बजे अरंगी जंगल से छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया।
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर चार और गिरफ्तार
छात्रा की बरामदगी के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी बिरिया उरांव को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में शामिल चार अन्य युवकों को भी उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपियों को अरंगी कच्चापारा स्थित उनके घर से पकड़ा गया। अपहरण में इस्तेमाल की गई बोलेरो को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिरिया उरांव, मुन्ना उरांव, बीरेंद्र उरांव, राजेश उरांव और आशीष लोहरा के रूप में हुई है।
दिल्ली में 22 साल के युवक की चाकू से गोदकर हत्या, करीब 17 वार किए; परिवार ने लगाया रंजिश का आरोप
एक ही स्कूल में पढ़ते थे आरोपी और छात्रा
थानेदार नीरज कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी और छात्रा एक ही स्कूल के थे। थानेदार ने कहा कि मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




















