Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बेगूसराय में युवती से होटल में दरिंदगी फिर मारपीट, वीडियो बनाकर किया वायरल, अब शिकायत पर पुलिस कर रही जांच

बिहार के बेगूसराय में युवती ने दो युवकों पर होटल में दुष्कर्म, मारपीट और वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, वीडियो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेगूसराय में युवती से होटल में दरिंदगी फिर मारपीट, वीडियो बनाकर किया वायरल, अब शिकायत पर पुलिस कर रही जांच
बेगूसराय में युवती से होटल में दरिंदगी, वीडियो वायरल करने की धमकी। पीड़िता ने हिम्मत दिखाकर शिकायत दर्ज कराई।

रोज की तरह वसूली के लिए घर से निकली युवती को रास्ते में ऐसा क्या हुआ कि मामला पुलिस तक पहुंच गया? बेगूसराय में एक युवती ने दो युवकों पर होटल में दुष्कर्म, मारपीट और वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। शिकायत में वीडियो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करने और जान से मारने की कोशिश की बात भी कही गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रास्ते में मिला पड़ोसी, बाइक पर बैठाकर ले जाने का आरोप

पुलिस के बयान के मुताबिक, घटना 27 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे की है। युवती स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से ऋण की वसूली के लिए निकली थी। रास्ते में उसके गांव का विक्रम सहनी मिला। आरोप है कि वह युवती को बाइक पर बैठाकर अलका सिनेमा के पास ले गया, जहां रोहित कुमार पहले से मौजूद था। शिकायत के अनुसार, दोनों युवती को बातचीत के बहाने होटल ले गए। वहां दरवाजा बंद कर चाकू का डर दिखाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने मारपीट करने और वीडियो बनाने का भी आरोप लगाया है।

वीडियो शेयर करने और जान से मारने की कोशिश का आरोप

युवती ने शिकायत में कहा है कि वीडियो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया गया। उसने जान से मारने की कोशिश किए जाने का आरोप भी लगाया है। घटना के बाद युवती किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद 28 सितंबर की देर शाम उसने नगर थाने में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई।

ये भी पढ़ें: सूरजपुर मां-बेटी हत्याकांड में 4 दोषी करार, 8 अक्टूबर को सजा,कोर्ट से हंसते हुए निकला कुलदीप साहू

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपियों की तलाश

पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी साक्ष्य जुटा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

तेजस्वी यादव ने सरकार पर साधा निशाना

मामले को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में असुरक्षा और अत्याचार का माहौल है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं और आम लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि चुनाव के समय बिहार में कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाने वाले अब इस घटना पर चुप हैं। ये तेजस्वी यादव के आरोप हैं; इस मामले में सरकार की प्रतिक्रिया की जानकारी उपलब्ध नहीं है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts