
मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में शनिवार देर रात सटोरियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। शहर के थाना जीवाजीगंज क्षेत्र अंतर्गत गीता कॉलोनी में एक घर में क्राइम ब्रांच और पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर सटोरियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। घर में करोड़ों के सोना-चांदी और हीरे के जेवरात, मोबाइल फोन और कैश रखा देख पुलिस के आला अधिकारी भी हैरान रह गए। कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार है।
पुलिस ने मौके से करोड़ों का 4 किलोग्राम सोना, 1 किलोग्राम चांदी और डायमंड नैकलेस सहित 16 लाख रुपए से ज्यादा की नकदी जब्त की है। इसके साथ ही आधा दर्जन कैलक्यूलेटर, 16 कीपैड फोन, 14 एंड्राइड फोन व डायरी में करोड़ों का हिसाब किताब भी जब्त किया गया है।
TI सस्पेंड
क्राइम ब्रांच और पुलिस ने जिस क्षेत्र में कार्रवाई को अंजाम दिया, उसकी भनक तक जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के टीआई गगन बादल तक को नहीं लगी। बता दें कि कई दिनों से सट्टे संचालित होने की खबर के बीच उज्जैन एसपी सत्येंद्र शुक्ल ने जीवाजीगंज थाना प्रभारी गगन बादल को निलंबित कर दिया है।
पुलिस ने उठाया चुनावी माहौल का फायदा
पुलिस ने दबिश देने के लिए एक बड़ा ही अनोखा तरीका अपनाया जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। चुनावी माहौल का फायदा उठाकर पुलिस सिविल ड्रेस में एक राष्ट्रीय राजनैतिक पार्टी के झंडे लेकर जनसंपर्क के इरादे से पहुंची और रवि के घर का गेट खुलवाया। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी रवि मौके से फरार होने में सफल हुआ।
पुलिस के अनुसार, सट्टा संचालित करने वालों पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि दबिश में पकड़ाए आरोपियों में प्रकाश श्रीवास्तव, इंदर पमनानी, यश पमनानी, यश लखवानी, कैलाश चतवानी शामिल हैं। वहीं, मुख्य आरोपी रवि पमनानी अभी फरार है।
जानिए मौके से क्या-क्या मिला
- 29 कंगन सोने के 616 ग्राम
- 5 नग जेंट्स कड़े सोने के 212 ग्राम
- 13 नग चैन सोने की 306 ग्राम
- 10 बिस्कुट सोने के 100 ग्राम के
- 1 किलो का 1 सोने का बिस्कुट
- टूटा हुआ सोने का बिस्कुट 280 ग्राम
- 28 नग सोने की अंगूठी 151 ग्राम
- 9 नग सोने के ब्रेसलैट 202 ग्राम
- 10 नग मंगलसूत्र 162 ग्राम
- 17 नग सोने की अंगूठी 84 ग्राम
- 2 नग जेंट्स कंगन 47 ग्राम
- मिक्स सोने के आभूषण 88 ग्राम
- 35 नग चांदी के सिक्के 537 ग्राम
- 100 का नोट एक 100 ग्राम चांदी का
- मिक्स चांदी जिसमें दिए, मूर्ति व अन्य आइटम शामिल 492 ग्राम
- 1 डायमंड नैकलेस विथ 4 ईयरिंग पीस
मध्यप्रदेश : उज्जैन में सटोरियों पर बड़ी कार्रवाई, मौके से करोड़ों का सोना और 16 लाख नकदी बरामद। देखें Video@MPPoliceOnline #ViralVideos #PeoplesUpdate pic.twitter.com/th9wQepVIh
— Peoples Samachar (@psamachar1) July 3, 2022