Sehore News : क्रिसेंट वॉटर पार्क में हादसा, पानी में डूबने से भोपाल के मासूम की मौत; वीकेंड मनाने गई थी फैमिली

सीहोर/भोपाल। सीहोर के क्रिसेंट वॉटर पार्क में रविवार को एक हादसा हो गया। संडे को वीकेंड मनाने के लिए भोपाल से एक परिवार क्रिसेंट रिसोर्ट पहुंचा था। जहां पर एक 9 साल का बच्चा अपने परिजनों के साथ ही वॉटर पार्क के नजदीक खेल रहा था। तभी अचानक से बच्चा पानी में जा पहुंचा और डूबने से उसकी मौत हो गई।
मां ने बच्चे को पानी से निकाला बाहर
राजधानी के गौरव राजपूत अपने परिवार के साथ रविवार सुबह वीकेंड मनाने के लिए सीहोर के क्रिसेंट वॉटर पार्क पहुंचे थे। गौरव राजपूत ने अनुसार, सुबह उनका 9 साल का बेटा आरुष वॉटर पार्क के कम पानी वाले सेक्शन में तैरने की कोशिश कर रहा था। तभी अचानक से वह पानी में डूब गया। बच्चे को पानी से मां अर्चना ने बाहर निकाला। मौके पर वॉटर पार्क प्रबंधन से फर्स्ट एड किट मांगी थी, इसके बाद बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।वीकेंड मनाने गई थी फैमिली
मृतक के पिता गौरव राजपूत का पेपर ट्रेडिंग का बिजनेस है। आरुष भोपाल के साकेत नगर स्थित निजी स्कूल से तीसरी कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। वह रविवार सुबह पत्नी अर्चना, 9 साल के बेटे आरुष और 2 साल के बच्चे आरव और भाभी के साथ क्रिसेंट वॉटर पार्क वीकेंड मनाने गए थे। वॉटर पार्क में कम पानी वाले हिस्से में आरुष तैर रहा था और पिता ऊपरी हिस्से में स्लाइडर पर थे। इस दौरान अचानक से आरुष पानी में डूब गया।





















