Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल : बॉक्स में मिला युवक का शव... तीन दिन पहले हुआ था किडनैप, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; CCTV में कैद हुई वारदात

Follow on Google News
भोपाल : बॉक्स में मिला युवक का शव... तीन दिन पहले हुआ था किडनैप, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; CCTV में कैद हुई वारदात
भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शुक्रवार को एक लापता युवक की लाश बिलकिसगंज थाना क्षेत्र स्थित डैम में तैरती मिली। मृतक की पहचान शबरी नगर निवासी लालू यादव उर्फ अर्जुन के रूप में हुई है। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप एक कैफे संचालक पर लगाया है।

थाने का घेराव कर परिजनों ने जताई नाराजगी

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग कमला नगर थाने पहुंचे और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि अगर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती तो युवक की जान बचाई जा सकती थी।

बहन का आरोप: हत्या के बाद बॉक्स में भरकर ले जाई गई लाश

मृतक की बहन ममता यादव ने बताया कि 19 मई की रात उसके भाई को नेहरू नगर के पलक कॉम्प्लेक्स स्थित एक कैफे में बुलाया गया था। यह कैफे शुभम नागेश्वर का है। ममता के अनुसार, “रात 12:19 बजे का सीसीटीवी फुटेज है जिसमें लालू कैफे में जाते हुए दिख रहा है, लेकिन फिर वह बाहर नहीं आया।”

सीसीटीवी में दिखा संदिग्ध व्यवहार

ममता ने बताया कि रात करीब 3 बजे के फुटेज में चार-पांच युवक एक बॉक्स उठाकर ले जाते दिख रहे हैं। यही बॉक्स बाद में डैम में मिला, जिसमें उसके भाई की लाश थी। एक अन्य फुटेज में शुभम, लालू की शर्ट और जूते पहनकर बाहर निकलता नजर आ रहा है।

पहले से थी रंजिश, मिली थी धमकी

परिजनों ने बताया कि शुभम और लालू की जान-पहचान 8 साल पुरानी थी। कुछ समय पहले एक लड़की शुभम का विरोध करते हुए लालू के पास आ गई थी। तभी से शुभम के परिवार वालों ने लालू को धमकी दी थी कि शादी नहीं होने देंगे और उसे मरवा देंगे।

पुलिस को पहले ही दिए थे सबूत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

ममता यादव ने कहा कि उन्होंने दो दिन पहले ही पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंप दिए थे और संदिग्धों के नाम भी बताए थे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। “हम लगातार थाने के चक्कर काटते रहे लेकिन किसी को न तो बुलाया गया और न पूछताछ हुई।”

पुलिस की सफाई: जांच जारी, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

इस पूरे मामले में एसीपी चंद्रशेखर पांडे ने बताया कि बिलकिसगंज थाना क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिला था, जिसकी पहचान अर्जुन यादव के रूप में हुई है। मर्ग कायम कर लिया गया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts