Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल : शहर काजी की खास अपील, बकरीद पर साफ-सफाई का रखें खास ख्याल, सोशल मीडिया पर तस्वीर या वीडियो शेयर न करें

Follow on Google News
भोपाल : शहर काजी की खास अपील, बकरीद पर साफ-सफाई का रखें खास ख्याल, सोशल मीडिया पर तस्वीर या वीडियो शेयर न करें
भोपाल। बकरीद का त्योहार नजदीक है और पूरे देश के साथ-साथ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। आगामी 7, 8 और 9 जून को बकरीद मनाई जाएगी। इस मौके पर भोपाल शहर काजी मुफ्ती मुश्ताक अली नदवी ने सभी मुस्लिम समुदाय के लोगों से खास अपील की है ताकि यह त्योहार शांतिपूर्ण, स्वच्छ और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो सके।

शहर काजी ने साफ-सफाई की खास अपील की

शहर काजी मुफ्ती मुश्ताक अहमद नदवी ने सभी शहरवासियों को बकरीद की मुबारकबाद देते हुए विशेष तौर पर साफ-सफाई और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की बात कही। उन्होंने कहा कि कुर्बानी इस्लाम का एक अहम हिस्सा है, लेकिन इसके साथ साफ-सफाई और दूसरों की भावनाओं का ख्याल रखना भी जरूरी है।  

कुर्बानी की तस्वीरें या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें

काजी साहब ने सख्त लहजे में कहा कि बकरीद के दिन कुर्बानी की तस्वीरें या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करना या किसी को व्यक्तिगत रूप से भेजना नाजायज और अनुचित है। इससे दूसरे समुदाय की भावनाएं आहत हो सकती हैं और समाज में तनाव का माहौल बन सकता है। उन्होंने सभी से अपील की कि इस प्रकार की गतिविधियों से पूरी तरह बचें।

कुर्बानी के अवशेष को सड़क पर न फेंकें

उन्होंने आगे कहा कि कुर्बानी के बाद जानवरों के अवशेष जैसे खाल, हड्डियां या अन्य कचरा सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर न फेंके। इसे एक मजबूत प्लास्टिक थैली में इकट्ठा करें और नगर निगम की गाड़ी में ही डालें। अगर गाड़ी न आए या भर जाए तो अपने क्षेत्र के लोकल एसआई से तुरंत संपर्क करें ताकि कचरे की सफाई का इंतजाम किया जा सके। शहर काजी ने बताया कि इस विषय को लेकर भोपाल नगर निगम कमिश्नर से बातचीत हो चुकी है और नगर निगम की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा, “इस्लाम में किसी को तकलीफ देना या गंदगी फैलाना गुनाह है। इसलिए अगर कहीं कोई कचरा सड़क पर पड़ा हो तो उसे हटाने की कोशिश करें।”

भाईचारे के साथ मनाएं बकरीद

अपनी बात खत्म करते हुए काजी साहब ने सभी से अपील की कि बकरीद का त्योहार शांति, भाईचारे और आपसी सम्मान के साथ मनाएं। यही इस्लाम की असल तालीम है। उन्होंने खासतौर पर युवाओं से कहा कि सोशल मीडिया पर संयम रखें और त्योहार की गरिमा बनाए रखें।  
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...Read More

Latest Posts