Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

NRI पति से पांच महीने से नहीं हो रहा संपर्क, ससुराल वालों ने दो साल की बेटी के साथ महिला को घर से निकाला

ऑस्ट्रेलिया में रह रहे पति से पांच माह से संपर्क नहीं होने और ससुराल से निकाले जाने पर महिला ने राज्य महिला आयोग और डालसा में शिकायत की है। विदिशा निवासी महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष उससे मायके से पैसे लाने का दबाव बना रहा था। पति के लापता होने या साजिश में शामिल होने की आशंका के बीच डालसा ने ससुराल पक्ष को काउंसलिंग के लिए बुलाया है।
NRI पति से पांच महीने से नहीं हो रहा संपर्क, ससुराल वालों ने दो साल की बेटी के साथ महिला को घर से निकाला

भोपाल। मप्र राज्य महिला आयोग और डालसा में एक महिला ने ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की है। महिला अपने एनआरआई पति को लेकर भी असमंजस की स्थिति में है। महिला का कहना है कि ऑस्ट्रेलिया में निवासरत पति से बीते करीब पांच माह से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है, इससे उनकी चिंता है। इस बीच तीन माह पूर्व उसे दो साल की बेटी के साथ घर से निकाल दिया गया। अब उसे शंका हो रही है कि या तो पति मुसीबत में है या वो खुद उसे घर से निकलवाने की साजिश में शामिल है। मामले में महिला के ससुराल पक्ष को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है।

2027 में ऑस्ट्रेलिया से वापस आने का किया था वादा

वर्तमान में अपने मायके विदिशा में रह रही महिला ने बताया कि उसकी शादी दिसंबर 2022 में हुई थी। पति पहले से आस्ट्रेलिया में निवासरत थे। पति और परिवार का कहना था कि साल 2027 तक वह वापस इंडिया आ जाएंगे। इसी के चलते पत्नी को ऑस्ट्रेलिया ले जाने की कोई पहल नहीं हुई। दंपति की करीब ढाई साल की बेटी है। महिला ने बताया कि वह कुछ समय मायके भी रही, लेकिन ज्यादातर समय भोपाल में ही बीता। उनका संयुक्त परिवार है। महिला ने कहा कि इन सालों में उसे कभी नहीं लगा था कि उसके साथ घरवाले कुछ गलत कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें: PU Special : मां करने जा रही तीसरी शादी; 11 साल के बच्चे ने कहा-दादा-दादी के साथ ही रहना है, फैमिली कोर्ट ने सौंपी कस्टडी

कुछ समय से लगा परिवार का रवैया बदल गया

महिला ने कहा कि बीते कुछ समय में उसे जरूर महसूस हुआ कि परिवार का रवैया बदल रहा है। इसकी एक वजह पहली संतान के रूप में बेटी का जन्म भी था। घर में यह बात भी होने लगी कि पति को वापस इंडिया नहीं आना चाहिए। तब उसने कहा कि यदि ऐसा है तो उसके विदेश जाने की प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए। इसके बाद से परिवार में विवाद होने लगे।

ससुराल पक्ष ने की मायके से पैसा लाने की मांग

कुछ समय में ससुराल पक्ष किसी न किसी बहाने से उसे मायके से पैसा लाने के लिए कहने लगे। कभी बिजनेस में लॉस तो कभी किसी बहाने से। एक बार मायके पक्ष ने मदद भी की। पति से शिकायत करने पर वह कहते कि मैं इस साल घर आ रहा हूं, तब बात करते हैं। अब पांच माह से पति से संपर्क ही नहीं हो पा रहा है। इस बीच उसे घर से निकाल दिया गया। तमाशा न बने इसलिए वह मायके चली गई, लेकिन अब वह पति को लेकर भी दुविधा में है और इसलिए इस विवाद का जल्द हल चाहती है। मामले में डालसा द्वारा ससुराल पक्ष से संपर्क कर उन्हें काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है।

ये भी पढ़ें: सुहागरात पर पत्नी नहीं शरमाई तो फैमिली कोर्ट पहुंच गया पति, हनीमून का प्लान नहीं बनाने पर भी रिश्ते में दरार

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts