हरदा के दो गांवों से सोलर पंप की केबल चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, किसानों ने जताई गिरोह की आशंका

हरदा। करताना पुलिस चौकी क्षेत्र में किसानों के खेतों पर लगे सोलर पंप प्रोजेक्ट की वायरिंग और केबल चोरी करने वालों को पकड़ा है। तजपुरा एवं करताना क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की घटनाओं के सिलसिले में पुलिस ने तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से किसानों के चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, क्षेत्र के किसानों ने आशंका जताई है कि इन घटनाओं के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय हो सकता है। किसानों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
चोरी की पहली घटना करताना में
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 की रात्रि में ग्राम तजपुरा निवासी किसान प्रेमनारायण जाट के खेत में सिंचाई के लिए स्थापित सोलर पंप प्रोजेक्ट को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने सोलर पंप प्रोजेक्ट को क्षतिग्रस्त कर उसकी वायरिंग एवं केबल चोरी कर ली। इस घटना से किसान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। सोलर पंप प्रोजेक्ट क्षतिग्रस्त होने से खेत में सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है।
किसान ने पुलिस अधीक्षक को दी सूचना, तीन आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही किसान के पुन राहल देदड़ जाट, निवासी तजपुरा, ने फोन से हरदा एसपी को मामले से अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर करताना पुलिस चौकी की टीम ने मामले की जांच शुरू की और संदिग्धों की तलाश में जुट गई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान इस मामले से संबंधित तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई कर रही है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की जांच भी की जा रही है।
करताना में भी तीन किसानों के खेतों से वायरिंग और केबल चोरी
सोलर पंप प्रोजेक्ट से वायरिंग और केबल चोरी करने की घटनाएं केवल तजपुरा तक सीमित नहीं रहीं। जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 की रात्रि में ग्राम करताना के किसान अर्जुन सिंह राजपूत, चैन सिंह ठाकुर और नारायण सिंह ठाकुर के खेतों में लगे सोलर पंप प्रोजेक्ट की वायरिंग एवं केबल भी चोरी कर ली गई। लगातार दो रातों में अलग-अलग किसानों के खेतों में हुई इन घटनाओं ने क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
ये भी पढ़ें: हरदा में घर से लाखों के अवैध पटाखे जब्त, बिना लाइसेंस रिहायशी इलाके में किया था स्टॉक
चोरी से किसानों को आर्थिक नुकसान
किसानों का कहना है कि खेतों में सिंचाई के लिए लगाए जाने वाले सोलर पंप प्रोजेक्ट पर काफी खर्च होता है। ऐसे में उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर वायरिंग और केबल चोरी कर लेना किसानों के लिए आर्थिक नुकसान के साथ-साथ खेती-किसानी के काम में भी परेशानी पैदा करता है।
अन्य वारदातों का भी मिल सकता है सुराग
क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बाद किसानों को आशंका है कि इन वारदातों के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है। हालांकि, इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। किसानों का मानना है कि यदि इन घटनाओं की कड़ियों को जोड़कर गहन जांच की जाए, तो चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। किसानों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: हरदा SDM के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, कोर्ट में मूल रिकॉर्ड पेश नहीं करने पर सख्त हुआ न्यायालय




















