सीहोर में घर की अलमारी तोड़कर गहने चोरी, मां-दादी के जेवर भी ले उड़ा बालक; ₹6.55 लाख का माल बरामद

सीहोर। घर की अलमारी में रखे गहने सुरक्षित मानकर परिवार निश्चिंत था, लेकिन ताला टूटा मिला और सोने के कीमती आभूषण गायब थे। मंडी थाना क्षेत्र में हुई इस चोरी की जांच में पुलिस ने एक विधि विवादित बालक को पकड़ा है। पूछताछ में सामने आया कि उसने अपनी मां और दादी के चांदी के आभूषण भी चुराए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषणों सहित करीब 6 लाख 55 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया है।
अलमारी का ताला टूटा, गायब मिले सोने के गहने
पुलिस के अनुसार, फरियादी ने 15 अक्टूबर को मंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 6 अक्टूबर को उसकी मां अपने मायके ग्राम छापरीकलां गई थीं। जाने के दौरान उन्होंने गले में पहना सोने का तिमन्या उतारकर घर के अंदर रखी गोदरेज की अलमारी में सुरक्षित रख दिया था। अलमारी में पहले से सोने के अन्य आभूषण भी रखे हुए थे। जब अलमारी का ताला टूटा मिला और अंदर रखा सोने का तिमन्या सहित तीन कान के टॉप्स गायब मिले, तब चोरी का खुलासा हुआ। अज्ञात व्यक्ति द्वारा अलमारी का लॉक तोड़कर आभूषण चोरी किए जाने की शिकायत पर मंडी थाने में अपराध क्रमांक 353/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में बालक ने चोरी करना स्वीकार किया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन में कार्रवाई शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम संदेही के घर पहुंची और पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, विधि विवादित बालक ने अपने मामा के घर आए मेहमान के सोने के गहने अलमारी का लॉक तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद घर में छिपाकर रखे गए अन्य आभूषणों की जानकारी भी सामने आई।
मां और दादी के चांदी के गहने भी चुराए
नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि पूछताछ में बालक ने अपनी मां का चांदी का कमर में पहनने वाला करोंदा (करदोना) और दादी के पैरों में पहनने वाले चांदी के कड़े चोरी करने की बात भी बताई। चोरी किए गए आभूषण उसने अपने घर में छिपाकर रखे थे। पुलिस के मुताबिक, वह चोरी का सामान बेचने में सफल नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में बालक के पास से चोरी के आभूषण और अन्य सामग्री बरामद की। पुलिस ने एक सोने का तिमन्या, सोने के तीन टॉप्स, चांदी के पैरों के कड़े, चांदी का करोंदा और एक नेल कटर जब्त किया है। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 6 लाख 55 हजार रुपए बताई गई है।
सीधी के खुटेली में स्कूल की जमीन पर रातों-रात तान दीं 30 झोपड़ियां, अफसरों ने हटवाए अवैध कब्जे
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना सिंह चौहान के नेतृत्व में की गई। चोरी की सामग्री बरामद कर मामले की विवेचना की जा रही है।




















