भोपाल के भानपुर में बड़ा धमाका : मैरिज गार्डन में एक के बाद एक फटे 10 सिलेंडर, कई घरों की दीवारों में आईं दरारें

भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां भानपुर क्षेत्र के वार्ड 74 में स्थित सनराइज मैरिज गार्डन में एक के बाद एक 10 गैस सिलेंडरों में धमाके हुए। जिससे आसपास के रिहायशी इलाकों में दहशत फैल गई। धमाकों के बाद पूरे इलाके में धुआं फैल गया और लोगों में भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानहानि नहीं हुई।
दमकल की टीम ने दो घंटे में पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों को आग बुझाने में करीब दो घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक पास के कई घरों की दीवारों में दरारें आ चुकी थीं और खिड़कियों के शीशे टूट गए थे।रिहायशी इलाके में चल रहा था अवैध मैरिज गार्डन
स्थानीय लोगों ने बताया कि, सनराइज मैरिज गार्डन पिछले दो साल से रिहायशी इलाके में अवैध रूप से संचालित हो रहा था। यह गार्डन श्रीराम कॉलोनी, सिद्धिविनायक कॉलोनी और मोहाली खेजड़ा जैसे घनी आबादी वाले इलाकों के पास स्थित है। रहवासी लंबे समय से इस गार्डन की वजह से हो रही परेशानी और खतरों की शिकायत कर रहे थे।




















