ज्योति कॉम्प्लेक्स की पांच दुकानों पर छापा, Apple की नकली एसेसरीज बरामद; 9 लाख का माल जब्त

भोपाल। एमपी नगर जोन-1 स्थित ज्योति कॉम्प्लेक्स में Apple कंपनी के नाम से कथित तौर पर नकली एसेसरीज बेचे जाने का मामला सामने आया है। कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार शाम कॉम्प्लेक्स की पांच मोबाइल दुकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में Apple के नाम वाली एसेसरीज बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक जब्त की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये है। मामले में पांच दुकानों के संचालकों और कर्मचारियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
कंपनी प्रतिनिधि की शिकायत पर हुई कार्रवाई
एसआई शिवराज सिंह के अनुसार, अहमदाबाद निवासी 47 वर्षीय विशाल सिंह जडेजा मुंबई की ब्रिफिंग आईपी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड में ऑपरेशन मैनेजर हैं। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि ज्योति कॉम्प्लेक्स की कुछ दुकानों में Apple कंपनी के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर कथित तौर पर नकली एसेसरीज बेची जा रही हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की। जांच के दौरान शिकायत में बताए गए दुकानों पर कार्रवाई की गई और वहां मौजूद एसेसरीज की जांच की गई।
ये भी पढ़ें: घर पर लगा दी ‘IAS कलेक्टर’ की नेम प्लेट, पूछताछ में खुली पोल! फर्जी अफसर गिरफ्तार
पांच दुकानों से मिली बड़ी मात्रा में एसेसरीज
पुलिस टीम ने ज्योति कॉम्प्लेक्स स्थित शिवम मोबाइल की दो दुकानों, मोबाइल एरेना, जैन मोबाइल और न्यू श्रीजी मोबाइल पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को Apple के नाम से बेचे जा रहे बड़ी संख्या में मोबाइल एसेसरीज मिलीं। बरामद सामान में 1,910 बैक कवर, 12 ईयरफोन, 22 USB केबल, 15 एडाप्टर, 4 बैक ग्लास और 10 चार्जर शामिल हैं। पुलिस ने बरामद पूरी सामग्री को जब्त कर लिया है। जब्त सामान की कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है।
इन दुकानदारों और कर्मचारियों पर केस
पुलिस ने कार्रवाई के बाद शिवम मोबाइल के राहुल और हर्ष बिनानी, मोबाइल एरेना के सुनील सिंह, जैन मोबाइल के कमलेश लांजेबार और न्यू श्रीजी मोबाइल के अविनेश जैन के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित नकली एसेसरीज दुकानों तक कहां से पहुंचीं और इनके सप्लाई नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: राशन के बदले रुपए बांटने का वीडियो बना कार्रवाई का आधार, सीहोर में 16 दुकानें जांच के घेरे में
लंबे समय से मिल रही थी शिकायत
पुलिस के अनुसार मुंबई की संबंधित कंपनी को इन दुकानों पर Apple के नाम से कथित नकली एसेसरीज बेचे जाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। कंपनी प्रतिनिधि की शिकायत के बाद पुलिस ने इसकी जांच की और शिकायत की पुष्टि होने के बाद दुकानों पर छापेमारी की गई।




















