Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

घर पर लगा दी ‘IAS कलेक्टर’ की नेम प्लेट, पूछताछ में खुली पोल! फर्जी अफसर गिरफ्तार

ओमेक्स सिटी में किराये के मकान पर लगाई थी “IAS RAJ SONI–District Collector” की फर्जी नेम प्लेट, दस्तावेज मांगने पर बदलने लगा बयान; पूछताछ में असली पहचान हिमांशु पांचाल है।
घर पर लगा दी ‘IAS कलेक्टर’ की नेम प्लेट, पूछताछ में खुली पोल! फर्जी अफसर गिरफ्तार

इंदौर। शहर में खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताकर रौब जमाने वाले 28 वर्षीय युवक को लसूड़िया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर मकान पर “IAS RAJ SONI – District Collector” की फर्जी नेम प्लेट तक लगा रखी थी। पुलिस को सूचना मिलने के बाद जब उससे पदस्थापना और IAS अधिकारी होने के दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। लगातार बयान बदलने के बाद पूछताछ में उसने अपना वास्तविक नाम हिमांशु पांचाल बताया।

ये भी पढ़ें: राशन के बदले रुपए बांटने का वीडियो बना कार्रवाई का आधार, सीहोर में 16 दुकानें जांच के घेरे में

2 सितंबर को मिली सूचना के बाद पहुंची पुलिस

थाना लसूड़िया एसीपी पराग सैनी के अनुसार , सूचना मिली थी कि ओमेक्स सिटी-1 स्थित मकान नंबर 1565-ए, शुभ आंगन प्रीमियम में रहने वाला युवक खुद को IAS अधिकारी बताता है। उसकी संदिग्ध गतिविधियों और अधिकारी होने का प्रभाव दिखाकर लोगों पर रौब जमाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। एसीपी पराग सैनी और थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार यादव के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मकान मालिक और किरायेदारों से पूछताछ के दौरान पता चला कि ऊपरी हिस्से में रहने वाला युवक खुद को राज सोनी और जिला कलेक्टर बताता है।

ये भी पढ़ें: Uber ने की 3,300 कर्मचारियों की छंटनी, खर्च घटाने के साथ Robotaxi पर बढ़ाएगी निवेश

दस्तावेज मांगे तो बदलने लगा बयान

पुलिस ने युवक से उसका नाम, पदस्थापना और IAS अधिकारी होने से संबंधित दस्तावेज मांगे। वह कोई ठोस प्रमाण नहीं दे सका। पूछताछ में उसके बयान लगातार बदलते रहे। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना वास्तविक नाम हिमांशु पांचाल पिता योगेश पांचाल, उम्र 28 वर्ष बताया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से अहमदाबाद, गुजरात का रहने वाला है और वर्तमान में इंदौर के ओमेक्स सिटी में किराये से रह रहा था।

रुतबा बढ़ाने के लिए बना IAS अधिकारी

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह IAS अधिकारी नहीं है। पुलिस के अनुसार, समाज में अपना रुतबा, प्रतिष्ठा और प्रभाव बढ़ाने के लिए वह खुद को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जिला कलेक्टर बताता था। इसी पहचान को मजबूत दिखाने के लिए उसने घर पर फर्जी नेम प्लेट और प्रशासनिक अधिकारी से जुड़ी सामग्री लगा रखी थी।

ये भी पढ़ें: रायसेन: छिंद गांव का सरकारी स्कूल बदहाल, जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर बच्चे; स्कूल परिसर में भरा बारिश का पानी

घर से मिली ‘कलेक्टर साहब’ वाली सामग्री

पुलिस ने मौके से कई महत्वपूर्ण सामान जब्त किए हैं। इनमें—

  • “IAS RAJ SONI – District Collector” लिखी काले रंग की फर्जी नेम प्लेट।
  • “IAS सत्यमेव जयते” लिखा फोटो फ्रेम।
  • “सत्यमेव जयते – कलेक्टर साहब” लिखी सामग्री।
  • प्रशासनिक अधिकारी के रूप में खुद को प्रदर्शित करने वाली अन्य भ्रामक वस्तुएं।

पुलिस ने जब्त सामग्री और आरोपी की गतिविधियों के आधार पर थाना लसूड़िया में अपराध क्रमांक 1370/2026, धारा 204 भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की पूछताछ और विवेचना जारी है।

गुजरात में भी दर्ज है पुराना केस

पुलिस रिकॉर्ड की जांच में आरोपी से संबंधित अडालज थाना, जिला गांधीनगर, गुजरात का पुराना प्रकरण भी सामने आया है। वहां FIR क्रमांक 441/2026, दिनांक 23 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) और 318(2) के तहत मामला दर्ज होना पाया गया है। पुलिस अब इस पुराने प्रकरण की जानकारी भी जुटा रही है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts