PlayBreaking News

Bhopal News :21 बम लगाए हैं... दोपहर 1:30 बजे फटेंगे, JK हॉस्पिटल और यूनिवर्सिटी को मिला धमकी भरा ईमेल

भोपाल में बम धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। कोलार स्थित JK हॉस्पिटल और यूनिवर्सिटी को ईमेल के जरिए 21 बम लगाने की धमकी मिली है। इससे पहले AIIMS, पीपुल्स यूनिवर्सिटी और नापतौल विभाग समेत कई संस्थानों को ऐसे मेल मिल चुके हैं। पुलिस और साइबर सेल पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Follow on Google News
21 बम लगाए हैं... दोपहर 1:30 बजे फटेंगे, JK हॉस्पिटल और यूनिवर्सिटी को मिला धमकी भरा ईमेल
फाइल फोटो
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इन दिनों धमकी भरे ईमेल से दहशत का माहौल बन गया है। एक के बाद एक सरकारी और निजी संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। ताजा मामला कोलार इलाके का है, जहां JK हॉस्पिटल और यूनिवर्सिटी को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। दोनों संस्थानों में अलर्ट जारी कर दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस और बम निरोधक दस्ता पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

    ईमेल में 21 बम रखने का दावा

    जानकारी के अनुसार, संस्थानों को भेजे गए ईमेल में दावा किया गया कि, दोनों परिसरों में 21 बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 1:30 बजे फटेंगे। ईमेल में यह भी लिखा गया कि, दोपहर की इस्लामी नमाज से पहले दोनों संस्थानों को खाली करा लिया जाए। धमकी भरे इस संदेश के बाद अस्पताल और विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।

    सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और परिसर की जांच शुरू कर दी गई।

    Uploaded media

    अलर्ट पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां

    धमकी मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। शुरुआती कार्रवाई के तहत परिसर की तलाशी ली जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ऐसे मामलों में किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा सकता। इसलिए हर धमकी की पूरी जांच की जाती है। फिलहाल साइबर सेल भी सक्रिय हो गई है और ईमेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

    अधिकारियों का कहना है कि जांच के लिए कई तकनीकी पहलुओं को खंगाला जा रहा है, जैस-

    • ईमेल किस IP एड्रेस से भेजा गया
    • ईमेल सर्वर किस देश से जुड़ा है
    • क्या VPN या फर्जी नेटवर्क का इस्तेमाल हुआ
    • पहले भेजे गए धमकी भरे ईमेल से इसका कोई कनेक्शन है या नहीं

    यह भी पढ़ें: दोपहर 1 बजे करेंगे ब्लास्ट! एम्स-पीपुल्स के बाद अब नापतौल विभाग को उड़ाने की धमकी, नहीं मिला बम

    अटल बिहारी वाजपई हिंदी विश्वविद्यालय और GST ऑफिस को भी बम से उड़ाने की धमकी

    Uploaded media

    अटल बिहारी वाजपई हिंदी विश्वविद्यालय में अधिकृत मेल आईडी पर आज एक मेल आया जिसमें विश्वविद्यालय को बम से उड़ने की धमकी दी गई। जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर देवानंद हिडोलिया के निर्देश पर परिसर को खाली कर दिया गया।  मेल मिलते ही प्रबंधन द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। Sdop अंतिम समाधिया के निर्देशन में डॉग एवं बम स्क्वॉड ने पूरे विश्वविद्यालय परिसर में छानबीन कर बम की जानकारी झूठी होने की पुष्टि की। कार्रवाई के बाद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर हिंडोलिया ने सभी पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इसके अलावा वाणिज्य कर विभाग (GST) ऑफिस को भी बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल आया लेेकिन तलाशी पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं दिखी, इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।

    भोपाल में बढ़ते जा रहे धमकी भरे ईमेल

    भोपाल में पिछले कुछ हफ्तों से लगातार इस तरह के धमकी भरे ईमेल सामने आ रहे हैं। शहर के कई बड़े संस्थानों को निशाना बनाया जा चुका है। हाल ही में एमपी नगर स्थित नापतौल विभाग को भी दो बार ईमेल भेजा गया था, जिसमें दावा किया गया था कि दफ्तर में साइनाइड गैस से भरे 16 सिलेंडर रखे गए हैं और दोपहर 1 बजे विस्फोट होगा। सूचना मिलने के बाद पूरे कार्यालय को खाली कराया गया और बम निरोधक दस्ते ने जांच की, लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला। इस घटना ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

    AIIMS और पासपोर्ट ऑफिस को भी मिली थी धमकी

    मार्च की शुरुआत में भोपाल के कई प्रमुख संस्थानों को एक साथ धमकी भरे ईमेल मिले थे। इनमें AIIMS अस्पताल, पासपोर्ट ऑफिस, जनरल पोस्ट ऑफिस और एक यूनिवर्सिटी शामिल थी।

    ईमेल में दावा किया गया था कि, परिसर में साइनाइड गैस से जुड़े IED लगाए गए हैं और 12:15 बजे विस्फोट होगा, इसलिए लोगों को पहले ही बाहर निकाल लिया जाए। इसके बाद पुलिस और बम स्क्वॉड ने घंटों तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कहीं भी विस्फोटक नहीं मिला। इस घटना के बाद पूरे शहर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया था।

    Featured News

    पीपुल्स यूनिवर्सिटी भी बन चुकी है निशाना

    भोपाल की पीपुल्स यूनिवर्सिटी को भी कुछ समय पहले इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला था। मेल में दावा किया गया था कि, कॉलेज परिसर में सायनाइड युक्त बम लगाए गए हैं। इस सूचना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे कैंपस को खाली कराया और पुलिस ने बम निरोधक दस्ते के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला। पीपुल्स यूनिवर्सिटी को अब तक दो बार इसी तरह के ईमेल मिल चुके हैं।

    हर बार जांच में फर्जी निकल रही धमकियां

    जानकारी के मुताबिक, अभी तक भोपाल में मिले ज्यादातर बम धमकी के मामलों में जांच के दौरान कोई भी विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इन घटनाओं को होक्स (फर्जी धमकी) माना जा रहा है, लेकिन फिर भी पुलिस हर मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है।

    इस तरह के ईमेल अक्सर दहशत फैलाने या सुरक्षा एजेंसियों को परेशान करने के लिए भेजे जाते हैं। हालांकि, किसी भी खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

    यह भी पढ़ें: भोपाल : पीपुल्स यूनिवर्सिटी को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, 19 फरवरी को भी आया था धमकी भरा मेल

    साइबर जांच पर टिकी पुलिस की नजर

    लगातार मिल रही धमकियों के बाद अब पुलिस की जांच का केंद्र साइबर ट्रेसिंग बन गया है। पुलिस और साइबर सेल मिलकर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि,

    • क्या सभी ईमेल एक ही व्यक्ति ने भेजे हैं
    • क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह है
    • क्या ईमेल विदेश से भेजे जा रहे हैं

    प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि कई धमकी भरे ईमेल का कंटेंट एक जैसा है, जिससे शक है कि इन्हें एक ही स्रोत से भेजा गया हो।

    Breaking News

    शहर में बढ़ी सुरक्षा, लोगों में चिंता

    लगातार मिल रही धमकियों के कारण भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। खासकर अस्पतालों, विश्वविद्यालयों और सरकारी कार्यालयों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। हालांकि, अब तक हर मामले में राहत की बात यह रही है कि किसी भी जगह विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। लेकिन लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने प्रशासन के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts