NEET UG 2026 आज :एंट्री टाइम, ड्रेस कोड और सख्त नियम जानें, वरना छूट सकती है परीक्षा

देशभर के लाखों छात्रों के लिए NEET UG 2026 आज यानी 3 मई को आयोजित हो रही है। इसी परीक्षा के जरिए MBBS, BDS और अन्य मेडिकल कोर्स में एडमिशन मिलता है। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। परीक्षा से पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन करना सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य है।
एंट्री टाइम और जरूरी निर्देश
परीक्षा केंद्र में एंट्री सुबह 11:00 बजे से शुरू हो जाएगी। उम्मीदवारों को ध्यान रखना होगा कि आखिरी प्रवेश समय दोपहर 1:30 बजे है। इसके बाद किसी भी छात्र को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे में छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले पहुंचें, ताकि सुरक्षा जांच, बायोमैट्रिक और अन्य प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो सकें।
ड्रेस कोड का रखना होगा ध्यान
NTA के निर्देशों के अनुसार, छात्रों को हल्के और साधारण कपड़े पहनकर आना चाहिए। आधी बाजू की शर्ट या टी-शर्ट और सामान्य पैंट या ट्राउजर पहनना बेहतर रहेगा। फुल स्लीव कपड़े, भारी डिजाइनर ड्रेस या ज्यादा बटन और मेटल वाले कपड़ों से बचने की सलाह दी गई है।
अगर कोई अभ्यर्थी धार्मिक या पारंपरिक वेशभूषा में आता है, तो उसे कम से कम 1 से 1.5 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा।
यह भी पढ़ें: NEET UG 2026 Admit Card जारी : तुरंत डाउनलोड करें, 3 मई को परीक्षा
फुटवियर को लेकर सख्त नियम
परीक्षा में जूते पहनकर जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। अभ्यर्थियों को केवल चप्पल या लो हील सैंडल पहनने की अनुमति दी गई है। हाई हील या भारी जूते पहनने से चेकिंग में देरी हो सकती है, इसलिए इससे बचने की सलाह दी गई है।
जूलरी और मेटल आइटम पर रोक
सुरक्षा कारणों से परीक्षा केंद्र में किसी भी तरह की जूलरी पहनकर जाना मना है। इसमें घड़ी, अंगूठी, चेन, कंगन, इयररिंग, नाक की लौंग आदि शामिल हैं। इसके अलावा बेल्ट, टोपी, स्कार्फ, कड़ा या किसी भी तरह के मेटल आइटम ले जाने की अनुमति नहीं है।
इन चीजों को ले जाना सख्त मना
परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर जैसे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। इसके साथ ही किताबें, नोट्स, कागज, बैग और पर्स जैसी चीजें भी अंदर नहीं ले जा सकते।
जरूरी डॉक्यूमेंट साथ रखना अनिवार्य
परीक्षा में बैठने के लिए एडमिट कार्ड सबसे जरूरी दस्तावेज है। इसके अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक वैध पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य है।
साथ ही पासपोर्ट साइज फोटो और भरा हुआ सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म भी जरूरी है। अगर इनमें से कोई भी दस्तावेज नहीं होगा, तो परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
छात्रों के लिए अहम सलाह
छात्रों को सलाह दी गई है कि वे सभी नियमों का पालन करें और समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें। थोड़ी सी लापरवाही भी परीक्षा से बाहर कर सकती है, इसलिए सतर्कता और तैयारी दोनों जरूरी हैं।











