बरगी क्रूज हादसा:चौथे दिन मिले चाचा-भतीजे के शव, मौत का आंकड़ा 13 पहुंचा

बरगी क्रूज हादसे के चौथे दिन चाचा और भतीजे के शव मिले हैं जिससे इस घटना में जान गंवाने वालों की संख्या अब 13 पहुंच गई है।
चौथे दिन मिले चाचा-भतीजे के शव, मौत का आंकड़ा 13 पहुंचा

जबलपुर के बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में चौथे दिन भी रेस्क्यू टीम को सफलता मिली है। रविवार सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर लापता कामराज आर. का शव बरामद किया गया। इससे पहले सुबह करीब 6 बजे उनके 8 साल के भतीजे मयूरन का शव मिला था। मयूरन तमिलनाडु के त्रिची से परिवार के साथ घूमने आया था। इस हादसे में अब तक कुल 13 लोगों की मौत हो चुकी है जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

/img/116/1777785966296

चार दिन में ऐसे बढ़ता गया मौत का आंकड़ा

हादसे के बाद से लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन में अलग-अलग दिनों में शव बरामद हुए। पहले दिन 4, दूसरे दिन 5, तीसरे दिन 2 और चौथे दिन अब 2 शव मिलने के बाद कुल संख्या 13 हो गई है। मृतकों में 4 बच्चे और 8 महिलाएं शामिल हैं जिससे इस हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। शनिवार शाम को भी दो बच्चों के शव मिले थे जिनकी पहचान श्रीतमिल (5) और विराज (5) के रूप में हुई थी। दोनों मासूमों की मौत ने हादसे को और भी दर्दनाक बना दिया।

तेज हवा और ओवरलोडिंग बना हादसे की वजह

यह हादसा 30 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे हुआ था जब MP टूरिज्म का एक क्रूज बरगी डैम में डूब गया। जानकारी के मुताबिक क्रूज में करीब 47 लोग सवार थे जबकि टिकट केवल 29 लोगों की ही कटी थी। यानी क्षमता से ज्यादा लोगों को बैठाया गया था। हादसे के समय हवा की रफ्तार करीब 74 किलोमीटर प्रति घंटा थी और क्रूज किनारे से लगभग 300 मीटर दूर था। शुरुआती जांच में तेज हवा और ओवरलोडिंग को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें: रीवा थाने में युवक ने खाया जहर : ICU में एडमिट, प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला

आज भी जारी रहेगा सर्च ऑपरेशन

सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा के अनुसार एहतियात के तौर पर पूरे दिन सर्चिंग अभियान जारी रखा जाएगा ताकि कोई भी लापता व्यक्ति बाकी न रह जाए। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें लगातार इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

ये भी पढ़ें: बरगी हादसे पर CM सख्त : क्रूज मैनेजर, पायलट-हेल्पर सस्पेंड; रीजनल अफसर पर जांच शुरू

तमिलनाडु भेजे गए शव, परिजन भी साथ रवाना

हादसे में जान गंवाने वाले तमिलनाडु के पर्यटकों के शव उनके गृह राज्य भेजे जा रहे हैं। जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट से कार्गो विमान के जरिए शवों को त्रिची रवाना किया गया। शुरुआत में एक विमान में तकनीकी समस्या आने के बाद दूसरे विमान से शव भेजे गए। मृतकों के परिजन भी शवों के साथ रवाना हुए हैं। प्रशासन बाकी शवों को भी उनके गृह राज्यों तक पहुंचाने की व्यवस्था कर रहा है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts