🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

स्वच्छता सर्वेक्षण में जनता की राय पर फोकस:दिल्ली टीम ने भोपाल की कॉलोनियों में पहुंचकर पूछा- कचरा गाड़ी रोज आती है या नहीं?

स्वच्छता सर्वेक्षण में जनता की राय पर विशेष फोकस किया जा रहा है, जिसके तहत एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। दिल्ली से आई टीम ने भोपाल की कॉलोनियों में पहुंचकर सीधे नागरिकों से पूछा कि क्या उनके यहां कचरा गाड़ी नियमित रूप से आती है।
Follow on Google News
दिल्ली टीम ने भोपाल की कॉलोनियों में पहुंचकर पूछा- कचरा गाड़ी रोज आती है या नहीं?

स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के तहत भोपाल की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने पहुंची केंद्रीय टीम अब सिर्फ सड़कों और दीवारों की सफाई नहीं बल्कि सीधे लोगों की राय को भी परख रही है। शनिवार को दिल्ली से आई सर्वे टीम ने शहर की कई कॉलोनियों और बाजारों में पहुंचकर लोगों से सफाई व्यवस्था को लेकर सीधे सवाल किए।

घर-घर पहुंची टीम, पूछे 10 से ज्यादा सवाल

टीम मेंबर्स ने कॉलोनियों में घर-घर जाकर लोगों से पूछा कि क्या नगर निगम की कचरा गाड़ी रोज आती है? गीला और सूखा कचरा अलग-अलग लिया जाता है या नहीं? क्या कचरा वाहनों में दोनों तरह का कचरा अलग रखा जाता है? इसके अलावा सफाई कर्मचारियों की नियमितता, सड़क सफाई और डस्टबिन व्यवस्था को लेकर भी लोगों से फीडबैक लिया गया। टीम ने नागरिकों से करीब 10 से 12 सवाल पूछे। राहत की बात यह रही कि अधिकांश लोगों ने सफाई व्यवस्था को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

पुराने शहर के बाद नए भोपाल में सर्वे

तीन दिन तक पुराने भोपाल में सर्वे करने के बाद शनिवार को टीम ने नए भोपाल के कई इलाकों का रुख किया। जोन-17 में पीपुल्स मॉल के पीछे स्थित कॉलोनियों, जोन-1 बैरागढ़, जोन-5 के वार्ड-22 और वार्ड-8 सहित जोन-10 के कई क्षेत्रों में टीम पहुंची। यहां डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, सड़क सफाई और कचरा प्रबंधन व्यवस्था की जांच की गई।

बाजारों और डस्टबिन की भी जांच

सर्वे टीम सिर्फ रिहायशी इलाकों तक सीमित नहीं रही। बैरागढ़ मार्केट, इतवारा मार्केट और नवबहार सब्जी मंडी जैसे व्यस्त बाजारों में भी सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। कई जगह टीम ने दुकानदारों से बातचीत की और कचरा प्रबंधन की जानकारी जुटाई। वहीं घरों और दुकानों के बाहर रखे डस्टबिन भी चेक किए गए। टीम ने यह भी देखा कि गीला और सूखा कचरा अलग रखा जा रहा है या नहीं।

गार्बेज स्टेशन और नालों की भी पड़ताल

टीम ने शहर के गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन, नालों और सार्वजनिक स्थानों का भी निरीक्षण किया। कई स्थानों पर फोटो लेकर रिकॉर्ड तैयार किया गया। सर्वे के दौरान यह भी जांचा गया कि कचरा वाहन तय समय पर पहुंचते हैं या नहीं।

ये भी पढ़ें: भोपाल: बकरीद की छुट्‌टी 28 मई करने की मांग, बैंक यूनियंस ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र

निगम अमला अलर्ट मोड पर

केंद्रीय टीम के दौरे को देखते हुए नगर निगम का अमला पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं। सभी कर्मचारियों को लगातार फील्ड में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें: 500 रुपए की पेंशन के लिए 5 किमी पैदल चली बहू : 90 साल की सास को पीठ पर लादकर बैंक पहुंची, वीडियो वायरल

अब इन जोनों में पहुंचेगी टीम

केंद्रीय टीम तीन दिनों में जोन-1, 2, 3, 4, 5 और 17 के वार्डों का सर्वे पूरा कर चुकी है। अब रविवार को टीम जोन-7, 8, 10 और 12 के इलाकों में सफाई व्यवस्था का जायजा लेगी।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

icon

Latest Posts