PU Special :शादी के 51 साल बाद 72 वर्षीय पत्नी ने पति की दूसरी शादी पर जताई आपत्ति, महिला आयोग पहुंचा मामला

पल्लवी वाघेला, भोपाल। उम्र के जिस पड़ाव पर पति-पत्नी को एक-दूसरे का सहारा बनना चाहिए, वहां शादी के 51 साल पुराने रिश्ते में दूसरी शादी की इच्छा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) तक पहुंचे इस मामले में 72 वर्षीय महिला ने अपने पति को दूसरी शादी करने से रोकने और अपने कानूनी अधिकार सुरक्षित कराने की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि उसके पति दूसरी शादी करना चाहते हैं और इसके लिए उसे तलाक देने की तैयारी कर रहे हैं। महिला के मुताबिक उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। उसने आरोप लगाया कि पति अपने से करीब आधी उम्र की महिला से शादी करने के लिए उसके अधिकार छीनना चाहते हैं। वहीं पति ने इन आरोपों को अलग नजरिए से पेश करते हुए कहा है कि यह वैवाहिक नहीं बल्कि संपत्ति का विवाद है।
दोस्त के जरिए मिली पति की दूसरी शादी की जानकारी
महिला शाहपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली है जबकि उसके पति वर्तमान में कोलार क्षेत्र की एक कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं। महिला के मुताबिक उसके पति केंद्र सरकार की नौकरी से सेवानिवृत्त हैं। उसे पति की दूसरी शादी करने की मंशा की जानकारी उनके एक दोस्त के माध्यम से मिली। महिला ने आरोप लगाया कि वैवाहिक जीवन के दौरान उसे लगातार प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उसके मुताबिक पति शुरुआत से ही आशिक मिजाज रहे हैं। इसी वजह से साल 2015 से वह अपने बेटों के साथ अलग रहने लगी, जबकि पति भी दूसरी जगह रहने चले गए। महिला का आरोप है कि अब पति उसी कॉलोनी में रहने वाली करीब 46 वर्षीय अविवाहित महिला से शादी करना चाहते हैं। इसके लिए वे उसे तलाक देने की तैयारी कर रहे हैं।
पति बोले- पत्नी और बेटों ने मुझे घर से निकाला
मामले में डालसा और महिला आयोग की ओर से फोन पर काउंसलिंग के लिए बुलाए जाने पर पति ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि यह वैवाहिक विवाद नहीं, बल्कि संपत्ति से जुड़ा मामला है। पति के मुताबिक फैमिली कोर्ट में दोनों के बीच विवाद का मामला करीब दो साल से चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी और बेटों ने मिलकर उन्हें उनके ही घर से बाहर कर दिया। इसके बाद से वे अलग रह रहे हैं और अब अपनी जिंदगी स्वतंत्र रूप से जीना चाहते हैं। पति ने यह भी कहा कि पत्नी और बच्चों को उनकी दूसरी शादी से परेशानी नहीं है बल्कि उन्हें इस बात की चिंता है कि दूसरी शादी होने से संपत्ति में एक हिस्सेदार और बढ़ जाएगा। पति का दावा है कि पत्नी और बच्चों ने पिछले 10 साल में उनकी सुध तक नहीं ली है। मामले में पति को बुलाकर यह स्पष्ट करने के लिए कहा गया है कि क्या दोनों के बीच का विवाद पहले से ही फैमिली कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महिला ने संपत्ति में कानूनी अधिकार सुरक्षित करने की मांग की
72 वर्षीय महिला ने महिला आयोग से पति के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही उनकी संपत्ति में अपना कानूनी अधिकार सुरक्षित कराने की मांग की है। महिला का कहना है कि 51 साल तक वैवाहिक जीवन बिताने के बाद इस उम्र में पति दूसरी शादी करना चाहते हैं और इससे उसके भविष्य तथा आर्थिक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
अलग रहने से खत्म नहीं होते पति-पत्नी के कानूनी अधिकार
अधिवक्ता मीना गुप्ता के मुताबिक पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अलगाव होने का अर्थ यह नहीं है कि किसी एक पक्ष के वैवाहिक या कानूनी अधिकार अपने आप समाप्त हो जाते हैं। हिंदू विवाह अधिनियम के तहत पहली शादी कानूनी रूप से कायम रहते हुए पति दूसरी शादी नहीं कर सकता। इसके लिए पहले विवाह का कानूनी रूप से समाप्त होना जरूरी है। वहीं पत्नी के संपत्ति संबंधी अधिकार संपत्ति के स्वामित्व, उसकी प्रकृति और उत्तराधिकार की स्थिति पर निर्भर करते हैं। केवल पत्नी होने के आधार पर पति की हर स्व-अर्जित संपत्ति में स्वतः आधा हिस्सा नहीं मिल जाता। हालांकि, कानून के तहत भरण-पोषण, साझा आवास और उत्तराधिकार से जुड़े अधिकार सुरक्षित हो सकते हैं।




















