भोपाल : 13 वर्षीय तोहीद की तालाब में डूबने से मौत, दोस्तों संग नहाने गया था मासूम, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

भोपाल : 13 वर्षीय तोहीद की तालाब में डूबने से मौत, दोस्तों संग नहाने गया था मासूम, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से सटे बैरसिया तहसील के ललरिया गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव को गम और सदमे में डुबो दिया। 13 वर्षीय तोहीद, पुत्र शंभू खां, रविवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ गांव के तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

दोस्त डर के मारे चुप रहे

घटना रविवार दोपहर करीब तीन बजे की है। तोहीद अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए तालाब गया था। लेकिन तैराकी न आने के कारण वह अचानक गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। साथ गए अन्य बच्चे घबरा गए और किसी को कुछ नहीं बताया। जब देर रात तक तोहीद घर नहीं लौटा, तो उसके परिजनों ने गांव में खोजबीन शुरू की और बच्चों से पूछताछ के बाद जब सच्चाई सामने आई, तो पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

प्रशासन ने रेस्क्यू टीम बुलवाई

सूचना मिलते ही SDM आशुतोष शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया। भोपाल से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

SDM शर्मा खुद मौके पर मौजूद रहे, पूरी रात स्थिति की निगरानी करते रहे। प्रशासनिक अमला पूरे प्रयास में जुटा रहा कि मासूम तोहीद को जीवित निकाला जा सके, लेकिन दुर्भाग्यवश सोमवार दोपहर करीब एक बजे उसका शव तालाब से बरामद हुआ।

गांव में पसरा मातम

तोहीद का शव जैसे ही तालाब से बाहर निकाला गया, वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। एसडीएम आशुतोष शर्मा ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है और तालाबों में बच्चों की सुरक्षा के लिए भविष्य में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।

Vaishnavi Mavar
By Vaishnavi Mavar

Latest Posts