भिवंडी में आधी रात मचा हड़कंप!देखते ही देखते ढही चार मंजिला इमारत, मलबे में दबे कई लोग, तीन की मौत

महाराष्ट्र। ठाणे जिले के भिवंडी शहर में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब बालाजी नगर स्थित चार मंजिला कोहिनूर इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। लोगों ने तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंची राहत एजेंसियों ने बचाव अभियान शुरू किया। हादसे में 3 मौत हुई है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। प्रशासन का कहना है कि सभी फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पहले से जर्जर घोषित थी इमारत
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार कोहिनूर इमारत को पहले ही खतरनाक और जर्जर घोषित किया जा चुका था। इमारत में कई जगह कमजोर हिस्से पाए गए थे, जिसके बाद नोटिस भी जारी किया गया था। अधिकांश परिवारों को पहले ही बाहर निकाल दिया गया था लेकिन ग्राउंड फ्लोर पर मरम्मत का काम जारी था। इसी दौरान कुछ मजदूर और अन्य लोग इमारत के अंदर मौजूद थे। अचानक इमारत का एक हिस्सा गिर गया और कई लोग मलबे में फंस गए।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र TET पेपर लीक केस : बिहार से गिरफ्तार हुआ कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता, लंबे समय से तलाश रही थी पुलिस
दरारें दिखने के बाद मच गई थी हलचल
लोगों ने बताया कि गुरुवार शाम से ही इमारत में दरारें दिखाई देने लगी थीं। रात होते होते इमारत के झुकने की सूचना भी सामने आई। इसके बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। कुछ लोग अपना सामान निकाल रहे थे और मरम्मत का काम भी चल रहा था। इसी दौरान अचानक पूरी बी विंग भरभराकर गिर गई और बड़ा हादसा हो गया।
राहत अभियान में जुटीं कई एजेंसियां
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, नगर निगम, NDRF और ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं। संकरी गलियों के कारण शुरुआती समय में बचाव कार्य में मुश्किलें आईं लेकिन बाद में भारी मशीनों की मदद से रास्ता बनाया गया। डॉग स्क्वॉड, एंबुलेंस और अन्य संसाधनों की सहायता से मलबे में फंसे लोगों की तलाश लगातार जारी है।
कई लोगों की तलाश जारी
बचाव अभियान के दौरान NDRF की टीम ने मलबे में फंसी एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं एक घायल युवक को भी सुरक्षित निकाला गया है। अधिकारियों का कहना है कि अभी भी कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है और उन्हें निकालने के लिए पूरी सावधानी के साथ अभियान चलाया जा रहा है।
मरम्मत के दौरान हुआ बड़ा हादसा
इमारत के ग्राउंड फ्लोर के कुछ पिलरों की मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत का संतुलन बिगड़ गया और उसका एक बड़ा हिस्सा गिर गया। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है ताकि हादसे की सही वजह सामने आ सके। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि मरम्मत कार्य तय नियमों के अनुसार किया जा रहा था या नहीं।
लोगों से भीड़ न लगाने की अपील
हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे बचाव कार्य प्रभावित होने की आशंका बनी रही। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल पर भीड़ न लगाएं और अफवाहों पर भरोसा न करें। अधिकारियों का कहना है कि राहत अभियान अभी जारी है और जैसे जैसे जानकारी सामने आएगी, साझा की जाएगी। फिलहाल प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता मलबे में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को समय पर इलाज उपलब्ध कराना है।











