भिंड में किरायेदार रहते मकान कब्जाने की रची साजिश, 13 साल से फरार 10 हजार का इनामी गिरफ्तार

भिंड। आरोपी पिछले 13 साल से पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। पुलिस ने मुखबिर की मदद से उसे मुरैना जिले के बागचीनी से दबोच लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही वर्ष 2013 से लंबित इस मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
किरायेदार रहते तैयार की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी
पुलिस के अनुसार, महावीर गंज भिण्ड निवासी एक व्यक्ति ने 4 जुलाई 2013 को शिकायत दर्ज कराई थी कि रामप्रकाश सिकरवार और उसकी पत्नी उसके मकान में किराये से रहते थे। आरोप है कि दोनों ने फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर मकान को आरोपी की पत्नी के नाम करा दिया। फरियादी ने यह भी आरोप लगाया था कि आरोपियों ने मकान के एक कमरे का ताला तोड़कर वहां रखे जेवरात, बर्तन और अन्य सामान चोरी कर लिया।
ये भी पढ़ें: रायसेन: 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को 20 साल की सजा, 2 हजार का जुर्माना
2013 में दर्ज हुआ था मामला
शिकायत पर थाना देहात भिण्ड में रामप्रकाश सिकरवार और उसकी पत्नी के खिलाफ अपराध क्रमांक 239/13 दर्ज किया गया था। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया था। प्रकरण दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
पहचान छिपाकर बदलता रहा ठिकाने
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पिछले 13 वर्षों से अलग-अलग ठिकानों पर रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, वह अपनी पहचान छिपाकर रहने के साथ लगातार स्थान बदल रहा था। लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक भिण्ड ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मुखबिर की सूचना पर मुरैना में दबिश
फरार इनामी और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देहात पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी। पुलिस लगातार आरोपी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान मुखबिर से उसके मुरैना जिले के बागचीनी में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने 12 नवंबर 2026 की शाम दबिश देकर रामप्रकाश सिकरवार (60), पुत्र ज्वाला सिंह, निवासी बागचीनी, जिला मुरैना को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी देहात निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत, उपनिरीक्षक प्रमोद सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक रवि जादौन, आरक्षक कमल तोमर, अजीत सिकरवार, ज्ञानेन्द्र मिश्रा, सुमित शर्मा, भूपेन्द्र तोमर, फिरोज खान, अवधेश चौहान और साइबर सेल के आनंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















