छत्तीसगढ़ में 225 करोड़ की गड़बड़ी, बर्बरिक और PRA ग्रुप पर IT का बड़ा शिकंजा

रायपुर: छत्तीसगढ़ के बड़े कारोबारी समूहों पर आयकर विभाग की कार्रवाई में करोड़ों रुपये की वित्तीय गड़बड़ी के शुरुआती सुराग मिले हैं। कोयला, लोहा और सड़क निर्माण कारोबार से जुड़े बर्बरिक कंस्ट्रक्शन और PRA समूह के ठिकानों पर तीन दिनों तक चली छापेमारी में करीब 225 करोड़ रुपये की संभावित वित्तीय अनियमितताओं के प्रारंभिक प्रमाण सामने आए हैं। कार्रवाई के दौरान करीब 14 करोड़ रुपये नकद, बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और वित्तीय लेन-देन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। करीब 20 करोड़ रुपये के आभूषणों का मूल्यांकन भी कराया गया है।
50 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी, 120 अधिकारी रहे तैनात
आयकर विभाग की डीडीआईटी नवल जैन के नेतृत्व में 120 से अधिक अधिकारियों की टीम ने छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और झारखंड में एक साथ कार्रवाई की। कुल 50 ठिकानों पर तलाशी ली गई, जिनमें छत्तीसगढ़ के पांच जिलों में स्थित 36 ठिकाने शामिल थे। इसके अलावा मुंबई, नागपुर, रांची और जमशेदपुर में भी जांच की गई। कार्रवाई के दौरान दोनों कारोबारी समूहों से जुड़े 25 बैंक लॉकर खुलवाकर उनकी जांच की गई। विभाग की टीम ने दस्तावेजों, संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं।
संबंधित खबर: छत्तीसगढ़ में IT का बड़ा एक्शन: 3 शहरों में स्टील कारोबारियों पर छापे, PRA-जेपी मित्तल और बर्बरीक ग्रुप निशाने पर
10 साल में 100 गुना कारोबार, आयकर विभाग को शक
जांच में दोनों समूहों के कारोबार में पिछले 10 वर्षों के दौरान करीब 100 गुना वृद्धि होने की जानकारी सामने आई है। अब आयकर विभाग कारोबार में हुई इस बढ़ोतरी और घोषित आय के बीच अंतर का हिसाब लगा रहा है। बताया गया है कि पिछले तीन महीनों से दोनों समूहों के वित्तीय लेन-देन की निगरानी और जांच की जा रही थी। पिछले पांच वर्षों के घोषित आयकर और वास्तविक कारोबार के आंकड़ों में अंतर मिलने के बाद व्यापक छापेमारी की गई। इससे पहले वर्ष 2015-16 में भी आयकर विभाग इन कारोबारी समूहों पर कार्रवाई कर चुका है। इस बार विभाग का फोकस अघोषित आय, निवेश, संपत्तियों और संभावित कर चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने पर है।
कंप्यूटर-लैपटॉप में छिपे लेन-देन का हिसाब खंगाल रही टीम
छापेमारी में मिले कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का डेटा बैकअप लिया जा रहा है। आयकर विभाग के आईटी विशेषज्ञ डिजिटल रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रहे हैं। खास तौर पर कच्चे और पक्के लेन-देन, निवेश और कारोबारी हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। इस मामले में बर्बरिक समूह के प्रमोटर और डायरेक्टर रमेश अग्रवाल, कन्हैयालाल अग्रवाल, ध्रुव अग्रवाल और राजेश अग्रवाल के अलावा PRA समूह के प्रमुख प्रहलाद राय अग्रवाल से भी पूछताछ की गई है।
450 करोड़ के रेलवे ठेके और IPO पर भी नजर
आयकर विभाग की जांच का दायरा केवल नकदी और संपत्तियों तक सीमित नहीं है। बर्बरिक समूह की प्रस्तावित IPO योजना और PRA समूह को मिले करीब 450 करोड़ रुपये के रायपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास ठेके से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में हैं। इसके अलावा बिलासपुर की महानदी इंटरप्राइजेज, मित्तल स्टील, हनुमान हार्डवेयर और मोहदा स्थित फैक्ट्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई है। रायगढ़ में सन स्टील और रायगढ़ इस्पात से भी महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। अब आयकर विभाग इन कारोबारी गतिविधियों में हुए निवेश, भुगतान, ठेकों और वित्तीय लेन-देन का आपसी मिलान कर रहा है।
संबंधित खबर: IT Raid : रायपुर में लोहा कारोबारी, जमीन के सौदागरों पर आयकर का छापा
सोमवार से फिर खुलेगा लॉकरों का राज
शुक्रवार को तीन दिनों तक चली छापेमारी के बाद आयकर विभाग की टीमें वापस लौट गईं। हालांकि, जांच अभी पूरी नहीं हुई है। जानकारी के मुताबिक डेढ़ दर्जन से अधिक बैंक लॉकरों की जांच सोमवार से दोबारा शुरू की जाएगी। डिजिटल रिकॉर्ड के विश्लेषण और शेष लॉकरों की तलाशी के बाद अघोषित आय तथा संभावित कर अनियमितताओं की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल 225 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी के आंकड़े प्रारंभिक जांच से जुड़े हैं। अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।




















