मेटा ऑफिस के बाहर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, दफ्तर में घुसकर की तोड़फोड़; 4 पर FIR

यूथ कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा के इशारे पर मेटा ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड किए थे। संगठन ने मेटा को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के अकाउंट पर लगी पाबंदियां हटाने की मांग की है। वहीं, भाजपा और BRS नेताओं ने प्रदर्शन के तरीके पर सवाल उठाए हैं।
मुंबई में चार नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज
मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित वर्ल्ड वन बिल्डिंग में 20 नवंबर को शाम करीब 5:40 बजे 20 से 25 लोग इकट्ठा हुए थे। पुलिस में दर्ज FIR के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान लाल फूलों वाली ड्रेस पहनी एक महिला ने बिल्डिंग के शीशे पर RSS का बेटा मेटा लिख दिया, जिससे शीशे को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने इस मामले में जीना सबरीन, नेशनल यूथ कांग्रेस सचिव पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर को नामजद किया है। इसके अलावा 15 से 20 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है।
ये भी पढ़ें: FBI के नेशनल क्राइम डेटाबेस में दोबारा साइबर सेंधमारी की आशंका, संवेदनशील पुलिस रिकॉर्ड पर मंडराया खतरा
इन धाराओं में दर्ज किया गया मामला
मुंबई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37(3) और 135 के साथ महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1995 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले में प्रदर्शन के दौरान हुई गतिविधियों और सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। इस कार्रवाई के बाद मेटा ऑफिस के बाहर हुए प्रदर्शन को लेकर यूथ कांग्रेस के नेताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
हैदराबाद में मेटा ऑफिस के अंदर घुसे प्रदर्शनकारी
हैदराबाद में तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिव चरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ता मेटा के ऑफिस पहुंचे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारी ऑफिस के अंदर दाखिल हो गए और वहां के गलियारों और कैफेटेरिया में घूमते नजर आए। सामने आए वीडियो में ऑफिस के अंदर प्रदर्शन करते कार्यकर्ता दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मौके से 20 से 21 प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया था, हालांकि करीब तीन घंटे बाद सभी को छोड़ दिया गया।
अकाउंट बहाल होने का यूथ कांग्रेस ने किया दावा
यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दावा किया कि 20 नवंबर को कार्यकर्ताओं के मेटा ऑफिस पहुंचने के करीब 15 मिनट बाद उदय भानु चिब और मनीष शर्मा के दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट बहाल कर दिए गए। संगठन ने इस मामले में मेटा के सामने चार मांगें भी रखी हैं। इनमें पिछले छह महीनों के दौरान सरकार के आदेश पर बंद किए गए भारतीय सोशल मीडिया अकाउंट की संख्या और अब भी प्रतिबंधित अकाउंट का ब्योरा देने की मांग शामिल है। संगठन का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विपक्षी नेताओं और अन्य लोगों के अकाउंट पर लगाई जा रही पाबंदियों को लेकर पारदर्शिता होनी चाहिए।
भाजपा और BRS नेताओं ने प्रदर्शन पर उठाए सवाल
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने शनिवार को X पर पोस्ट कर यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन के कार्यकर्ताओं ने मेटा ऑफिस में तोड़फोड़ की और सोशल मीडिया पर इसका प्रचार भी किया। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए वर्ल्ड AI समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का भी जिक्र किया। वहीं, BRS के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामाराव (KTR) ने हैदराबाद में हुई घटना पर नाराजगी जताई।




















